BREAKING CG NEWS

अस्तित्व खोती गेज नदी! अतिक्रमण और गंदगी से बढ़ा खतरा, जिम्मेदार अधिकारी मौन

Share this

The Gage River is losing its existence! Encroachment and filth pose an increased threat, responsible officials remain silent

कोरिया। कोरिया जिला मुख्यालय की जीवनदायिनी गेज नदी धीरे-धीरे अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। कभी शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए जल का प्रमुख स्रोत रही यह नदी आज गंदगी, अतिक्रमण और प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार होती जा रही है। विडंबना यह है कि नदी संरक्षण को लेकर जिम्मेदार विभागों और जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही है।

नगर पालिका द्वारा साल में केवल एक बार खुटनपारा इंटकवेल और मुक्तिधाम बैकुण्ठपुर के आसपास सफाई कराई जाती है। इसके बाद नदी की नियमित सफाई और संरक्षण को लेकर जिम्मेदारी मानो भुला दी जाती है। जिला कलेक्टर कार्यालय के पीछे ग्राम चेरवापारा पुल के पास नदी किनारे स्थित शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। चेरवापारा बाईपास सड़क किनारे स्थित खसरा नंबर 978 की भूमि को लेकर स्थानीय स्तर पर जांच और सीमांकन की मांग उठ रही है। शासकीय भूमि के निजी नाम पर दर्ज होने और रजिस्ट्री से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच जरूरी है, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।

कलेक्टर के आदेश के बाद भी नदी किनारे कचरा

ग्राम तलवापारा में गेज नदी के किनारे नगर पालिका द्वारा कचरा फेंके जाने की समस्या भी चिंता का विषय बनी हुई है। बताया जाता है कि 15 जुलाई 2025 को कलेक्टर द्वारा नदी किनारे कचरा नहीं डालने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं दिखाई दे रहा है। इससे नदी के जल की गुणवत्ता और आसपास के पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।

संरक्षण के लिए अब ठोस कार्रवाई जरूरी

गेज नदी को बचाने के लिए नियमित सफाई, दोनों किनारों का सीमांकन, शासकीय भूमि से अतिक्रमण की जांच और नदी में कचरा डालने पर प्रभावी रोक जरूरी है। प्रशासन को संबंधित आदेशों के पालन की समीक्षा भी करनी चाहिए। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन गेज नदी के संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाता है या शहर की यह जीवनदायिनी नदी इसी तरह उपेक्षा की भेंट चढ़ती रहेगी।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *