BREAKING CG NEWS

नौकरी का झांसा देकर बुलाया रूस, अब सेना में भर्ती का दबाव! छत्तीसगढ़ के 2 युवक फंसे

Share this

Called to Russia with the promise of a job, now pressure to join the army! Two young men from Chhattisgarh trapped

रायपुर: छत्तीसगढ़ के 2 लड़के रूस में नौकरी करने गए थे, लेकिन अब वहां फंसे होने और प्रताड़ना झेलने की बात कह रहे हैं। इनमें रायपुर के टिकेश्वर साहू (38) और बिलासपुर के विनीत कुमार (21) शामिल हैं। विनीत की बहन ने आरोप लगाया है कि उन्हें खाने में गाय और सूअर का मांस दिया जा रहा है। खाने में थूक दिया जाता है, ताकि वे उसे खा न सकें। विरोध करने पर प्रताड़ित किया जाता है और रूसी आर्मी जॉइन करने का दबाव बनाया जा रहा है।

परिवार वालों का आरोप है कि युवकों को ड्रग्स के झूठे मामले में फंसाकर उन्हें डिटेन किया गया है। उनसे कहा जा रहा है कि या तो 15 से 20 साल जेल में रहो या रशियन आर्मी में शामिल हो जाओ। वहीं, बिल्हा के विनीत कुमार ने वीडियो जारी कर भारत सरकार से मदद मांगी है। उसने रूस में भारतीयों को नौकरी के नाम पर फंसाने और बंदूक दिखाकर प्रताड़ित करने की बात कही है। बिलासपुर के बिल्हा निवासी विनीत कुमार दुबे (21) नौकरी की तलाश में 1 अक्टूबर को रूस गए थे। उनकी बहन आशी दुबे के मुताबिक, उन्हें टेलीग्राम के जरिए नौकरी का ऑफर मिला था। रूस में एक दुकान के स्टोरेज रूम में काम करने की बात बताई गई थी।

टिकट और वीजा का इंतजाम भी ऑफर देने वालों ने किया था। विनीत ने रूस पहुंचने के बाद परिवार को इसकी जानकारी दी। कुछ दिन बाद उन्होंने बहन से कहा कि वे वापस भारत आना चाहते हैं। उन्हें कुछ पैसों की जरूरत पड़ सकती है। बहन ने 70 से 75 हजार रुपए भेजने की बात कही, लेकिन विनीत ने कहा कि जब जरूरत होगी तब बताएंगे। इसके बाद उनसे संपर्क टूट गया। बहन का आरोप है कि बाद में एक युवक ने संपर्क कर बताया कि विनीत पर नारकोटिक्स यानी ड्रग्स का केस लगा है और उन्हें सेना में जाने के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है। वकील की व्यवस्था के नाम पर अननोन नंबर से 7 लाख रुपए मांगे गए।

परिवार ने यह रकम नहीं दी। इसके बाद 27 अक्टूबर को पिता के पास फोन आया कि विनीत ने आत्महत्या कर ली है। यह खबर सुनकर पिता को हार्ट अटैक आ गया। हालांकि, इसके बाद विनीत ने खुद बहन से संपर्क किया और आत्महत्या की खबर को गलत बताया। बहन का दावा है कि विनीत ने वीडियो के माध्यम से वहां की परिस्थितियां बताई हैं। रूस में फंसे बिल्हा के विनीत दुबे ने वीडियो में भारत सरकार से मदद मांगी है। वीडियो में वह बता रहे हैं कि कई भारतीयों को नौकरी के नाम पर रूस बुलाया जा रहा है। वहां पहुंचने पर एयरपोर्ट के पास कुछ लोग उन्हें लेने आते हैं। इसके बाद काम के बारे में जानकारी दी जाती है। मना करने पर बंदूक दिखाकर गोली मारने की धमकी देने का आरोप भी उन्होंने लगाया है।

विनीत का आरोप है कि टेलीग्राम पर नौकरी का ऑफर दिया गया था। इसके बाद भारतीयों को ड्रग्स के मामलों में फंसाया जा रहा है और बाद में रूसी सेना में शामिल होने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। वीडियो में विनीत कहते हैं कि वहां भारतीयों के अलावा दूसरे देशों के नागरिक भी इस तरह की परेशानी झेल रहे हैं। इनमें नौकरी करने गए लोगों के साथ स्टूडेंट और टूरिस्ट भी शामिल हैं। उन्होंने भारत सरकार से सभी फंसे हुए लोगों को सुरक्षित वापस लाने की अपील की है। रायपुर के गुढ़ियारी श्रीनगर निवासी मनोरमा साहू के पति टिकेश्वर साहू (38) सेल्स एंड मार्केटिंग में 17 साल का अनुभव रखते हैं। करीब 10 साल पहले वे दुबई में भी नौकरी कर चुके हैं। इस बार उन्हें टेलीग्राम के जरिए रूस में नौकरी का ऑफर मिला। पैकेज अच्छा बताया गया था। कंपनी ने दिल्ली से मॉस्को और फिर वोल्गोग्राद तक का टिकट, वीजा और रहने की व्यवस्था करने की बात कही।

टिकेश्वर 7 सितंबर 2026 को रूस रवाना हुए। उन्होंने परिवार को बताया था कि पहले इंटरव्यू देकर नौकरी समझेंगे। काम पसंद आया तो रुकेंगे, नहीं तो 23 सितंबर की वापसी टिकट से भारत लौट आएंगे। अचानक संपर्क बंद हो गया। परिवार को लगा कि नेटवर्क या काम की वजह से बात नहीं हो पा रही होगी। 22 अक्टूबर को रूस के एक नंबर से कॉल आया। पत्नी के मुताबिक, दूसरी तरफ टिकेश्वर थे और पीछे कुछ लोग मौजूद थे। उनका चेहरा सूजा हुआ था और वे रो रहे थे। उन्होंने बताया कि रूसी पुलिस ने उन्हें ड्रग्स के केस में फंसा दिया है। उन्हें 15 से 20 साल की सजा होने की बात कही जा रही है। मनोरमा ने बताया कि, बाद में उन्होंने रूस में पढ़ने गए छात्रों से संपर्क किया और वकील हायर किया। उनके जरिए पता चला कि टिकेश्वर को वोल्गोग्राड में डिटेन कर रखा गया है। वकील जब उनसे मिलने पहुंचती थीं तो कभी उनके वहां नहीं होने तो कभी दूसरी वजह बताकर मुलाकात नहीं कराई जाती थी। 25 अक्टूबर को मुलाकात होने पर टिकेश्वर ने बताया कि 22 अक्टूबर से उनकी तबीयत खराब है।

उन्हें हाई ब्लड प्रेशर, थायराइड और साइटिका की समस्या है, लेकिन परिवार का आरोप है कि उनकी नियमित दवाइयां भी नहीं दी जा रहीं। मनोरमा का कहना है कि, जब उनकी वकील ने वहां जाकर पूछा कि टिकेश्वर को किस जगह और किन परिस्थितियों में गिरफ्तार किया गया। उनके पास से क्या मिला? गिरफ्तारी और एयरपोर्ट के सीसीटीवी फुटेज भी मांगे गए, लेकिन परिवार के मुताबिक ये उपलब्ध नहीं कराए गए। पत्नी का आरोप है कि टिकेश्वर पर ड्रग्स का केस चलाने की धमकी देकर उन्हें रूसी सेना में शामिल होने के लिए मजबूर किया जा रहा है। दोनों परिवारों का कहना है कि, उन्होंने स्थानीय पुलिस, प्रशासन, मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों तक अपनी शिकायत पहुंचाई है। भारतीय और रूसी दूतावास को भी ईमेल भेजे गए हैं। परिजनों का आरोप है कि अब तक उन्हें ऐसी ठोस जानकारी नहीं मिली है, जिससे युवकों की सुरक्षा और भारत वापसी को लेकर भरोसा मिल सके। मनोरमा साहू का कहना है कि, उनकी दो बेटियां हैं। परिवार में बुजुर्ग सास-ससुर भी हैं। वहीं आशी दुबे के परिवार में पिता की तबीयत खराब रहती है। उनकी मांग है कि भारत सरकार विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास के माध्यम से रूस में फंसे छत्तीसगढ़ के युवकों का पता लगाए। उनकी कानूनी मदद और सुरक्षा सुनिश्चित कर उन्हें जल्द भारत वापस लाया जाए।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *