MUMBAI NEWS: Crossing the limits of brutality! Woman thrown from train for resisting molestation
मुंबई। मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन से एक दिलदहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां बोरीवली से विरार जा रही लोकल ट्रेन में युवती के साथ छेड़छाड़ हुई।
छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपी ने युवती को नायगांव स्टेशन पर ट्रेन से नीचे पटरियों पर धकेल दिया। इस घटना में महिला का बायां हाथ ट्रेन के नीचे आ गया, जिसके चलते बाद में उसे काटना पड़ा। साथ ही युवती के सिर पर 16 टांके लगे हैं।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
खबर के अनुसार, युवती का आरोप है कि एक सह-यात्री द्वारा ‘गलत तरीके से छूने’ का विरोध करने पर उसे मुंबई लोकल ट्रेन से धक्का दे दिया गया। इस घटना ने लोकल ट्रेनों में महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे को फिर से सामने ला दिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। युवती, बोरीवली से विरार जाने वाली लोकल ट्रेन में सवार थी। महिला की शिकायत के अनुसार, आरोपी उसे लगातार गलत तरीके से छू रहा था, जिसे महिला ने अपने बयान में ‘बैड टच’ कहा है।
इसके जवाब में, महिला ने गुस्से में आकर अपनी चप्पल उस पर फेंकी जिसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। वहां मौजूद अन्य यात्रियों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने गालियां देते हुए अपनी चप्पल महिला की तरफ फेंक दी।
आरोपी ने युवती को ट्रेन से दिया धक्का
ट्रेन के नायगांव स्टेशन पहुंचने पर भी यह बहस जारी रही, जहां आरोपी ने कथित तौर पर महिला को ट्रेन से धक्का दे दिया, जिससे वह दो डिब्बों के बीच की खाली जगह में जा गिरी।
जब वह वापस प्लेटफॉर्म पर चढ़ने की कोशिश कर रही थी, तो ट्रेन चलने लगी और उसका बायां हाथ पहियों के नीचे आ गया। उसे गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण कोहनी के पास से उसका हाथ काटना पड़ा।
एक पुलिस अधिकारी और अन्य यात्रियों ने महिला को वापस प्लेटफॉर्म पर चढ़ने में मदद की। आरोपी ने इस अफरा-तफरी का फायदा उठाया और मौके से भाग गया। कुछ घंटों बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

