RAIPUR NEWS: Cleanliness system in Raipur will be high-tech! Garbage vehicles will be tracked by GPS
रायपुर : शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। यदि आपके घर के बाहर कचरा गाड़ी समय पर नहीं पहुंची, तो अब आपको चिंता करने या नगर निगम कार्यालय के चक्कर काटने की बिल्कुल जरूरत नहीं होगी। रायपुर नगर निगम की नई पहल से अब नागरिक घर बैठे ही अपने मोबाइल पर कचरा गाड़ी की लाइव लोकेशन और उसके पहुँचने का संभावित समय जान सकेंगे। नगर निगम ने सभी कचरा वाहनों को जीपीएस (GPS) आधारित डिजिटल निगरानी से जोड़ने का निर्णय लिया है, जिससे सफाई व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी हो जाएगी।
इंदौर की एक्सपर्ट एजेंसी संभाल रही कमान
सफाई व्यवस्था को हाई-टेक बनाने के लिए इंदौर में सफाई निगरानी का सफल काम कर रही विशेषज्ञ एजेंसी की सेवाएं ली जा रही हैं। डिजिटल रूट: अब तक 50 से 60 वाहनों के रूट डिजिटाइज किए जा चुके हैं। रेड फ्लैग सिस्टम: यदि कोई कचरा वाहन तय रास्ते से भटकता है, 30 मिनट से अधिक देरी करता है या किसी जगह 15-20 मिनट से बिना वजह खड़ा रहता है, तो कंट्रोल रूम में स्वतः ‘रेड फ्लैग’ जारी हो जाएगा।
5 मिनट में होगा शिकायतों का समाधान
यदि कोई नागरिक कचरा गाड़ी न आने की शिकायत दर्ज कराता है, तो निगम अधिकारी केवल 5 मिनट में वाहन के जीपीएस रिकॉर्ड को चेक कर शिकायत की हकीकत का पता लगा सकेंगे। इसके अलावा, सड़क और नालियों की सफाई का काम भी ‘काम से पहले’ और ‘काम के बाद’ की तस्वीरों के साथ डिजिटल रूप से दर्ज होगा।
गंदगी फैलाने वालों पर CCTV से नजर और जुर्माना
शहर के सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों पर नकेल कसने के लिए संवेदनशील जगहों पर CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं। सफाईकर्मी भी सड़क या नाली में कचरा फेंकने वालों की तस्वीरें टाइम और लोकेशन के साथ अपलोड कर सकेंगे, जिसके आधार पर चालानी कार्रवाई होगी।’
खाली प्लॉटों और मोहल्लों में कचरे के ढेरों को खत्म करने के लिए नगर निगम उन्हें सुंदर पार्कों में बदल रहा है। टूरी हटरी और गुरु तेग बहादुर उद्यान की तर्ज पर अब सभी जोनों को हर हफ्ते दो-दो स्थानों का कायाकल्प करने का लक्ष्य मिला है। यहाँ पौधरोपण, लाइटिंग, पेवर ब्लॉक और बैठने की बेहतर व्यवस्था की जा रही है।e

