प्रकाश नाग/ केशकाल : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विधानसभा क्षेत्र में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत के विरोध में आज सोमवार को केशकाल में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष नवल मरकाम के नेतृत्व में भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का पुतला दहन करते हुए जमकर नारेबाजी की गई। साथ ही सरकार से उक्त प्रकरण में सीबीआई जांच करवाने की मांग भी की गई है। आपको बता दें कि दुर्ग जिले में शनिवार को एक ही परिवार के 5 लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार परिवार के सभी मृत सदस्यों के शव अलग-अलग स्थानों पर मिले थे। जिसमें पिता और पुत्र की लाश एक ही रस्सी से घर के भीतर लटकी मिली जबकि मां और दो बेटियों के जले हुए शव घर के बाहर थोड़ी दूर पैरावट में मिली थी। इस पूरे प्रकरण में हत्या की आशंका जताते हुए भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा व भाजपा मंडल के कार्यकर्ताओं ने भूपेश बघेल का पुतला फूंकते हुए जमकर नारेबाजी किया। इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री आकाश मेहता ने कहा कि मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में इस प्रकार का जघन्य अपराध होंना प्रदेश के लिए दुर्भाग्यजनक है। सरकार को जल्द से जल्द मामले में सीबीआई की जांच करवानी चाहिए और पीड़ित पक्ष को न्याय दिलवाना चाहिए।
इस दौरान अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष नवल मरकाम, भाजपा मण्डल महामंत्री नवदीप सोनी, किशुन यादव, जनपद सदस्य वीरेंद्र बघेल, विनीत पिल्ले, महेंद्र रामटेके, विवेक चौबे, अविनाश सोनी, निरंजन गोरे, चंदन सोनी, ऋषभ तिवारी, रमेश बघेल, मोहनसिंह नेताम समेत भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद रहे।