रतनपुर: ऑल छत्तीसगढ़ ड्राइवर संगठन के तत्वावधान में गुरुवार को आनंदम पैलेस रतनपुर में ड्राइवर संगठनों की राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण बैठक एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। बैठक में छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे ड्राइवर संगठनों एवं महासंघों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में देशभर के ड्राइवरों को एकजुट करने, उनकी सुरक्षा, सम्मान तथा सामाजिक एवं आर्थिक अधिकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान आगामी 12 नवंबर 2026 से प्रस्तावित “स्टीयरिंग छोड़ अभियान एवं चक्काजाम” को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर रणनीति और रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया।संगठन ने ड्राइवर सुरक्षा कानून लागू करने, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर ड्राइवर आयोग गठित करने, प्रत्येक राज्य में ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड बनाने तथा ड्राइवरों और उनके परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक कल्याण के लिए प्रभावी योजनाएं लागू करने की मांग उठाई।

