Accident BREAKING

CG ACCIDENT:  बिलासपुर-कोरबा समेत 4 जिलों में रफ्तार का कहर, स्कूली छात्र सहित 5 की मौत…

Share this

CG ACCIDENT: बिलासपुर/कोरबा/बालोद/लोरमी। छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में हुए दर्दनाक सड़क हादसों ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। बिलासपुर में स्कूल जा रहे एक मासूम की जान चली गई, वहीं कोरबा में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा बालोद में भीषण सड़क दुर्घटना में लोग घायल हो गए। तो लोरमी में भी तेज रफ्तार वाहन ने एक युवक की जान ले ली। इन हादसों के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पीड़ित परिवारों में मातम पसर गया है।

 

 

बिलासपुर : स्कूल जा रहे 12 साल के बच्चे को बस ने मारी टक्कर

बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में सुबह करीब 8:30 बजे एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय स्कूली छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान जयवंत पटेल (12 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 7 साधीपारा के रूप में हुई है, जो कक्षा 7वीं का छात्र था। बताया जा रहा है कि बच्चा रोज की तरह साइकिल से स्कूल जा रहा था। इसी दौरान साधीपारा पेट्रोल पंप के पास मुख्य मार्ग पार करते समय रतनपुर से पाली की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बस (CG12X 0440) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस अनियंत्रित होकर खेत में जा घुसी। गंभीर रूप से घायल बच्चे को पहले रतनपुर अस्पताल और फिर बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में बस चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

कोरबा : ट्रेलर ने बाइक सवार 3 युवकों को रौंदा, मौके पर मौत

कोरबा जिले में भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। कोयले से भरी ट्रेलर वाहन ने बाइक सवार युवकों को कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया और कोयला सड़क पर बिखर गया। बाइक समेत तीनों युवक वाहन के नीचे दब गए, जिन्हें हाइड्रा मशीन की मदद से बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान बृजपाल सिंह कंवर (23 वर्ष), मंगल सिंह (25 वर्ष) और ओमप्रकाश के रूप में हुई है। तीनों पोटापानी (पाली) के निवासी थे और दीपका स्थित निजी कंपनी में काम पर जा रहे थे। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और लोगों ने चक्का जाम कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने और लोगों को समझाने में जुटी है। ग्रामीण मुआवजा और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

 

 

बालोद : NH-30 पर तीन गाड़ियां भिड़ीं, 2 घायल

बालोद जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 पर मरकाटोला घाट के पास तीन गाड़ियां आपस में टकरा गईं। जानकारी के अनुसार, सबसे पहले चावल से भरा ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हुआ। इसी दौरान पीछे से आ रही इनोवा ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे पीछे आ रही लोहे (आयरन ओर) से भरी गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी। इस हादसे में दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल कराने में जुटी रही। इनोवा चालक की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

 

 

लोरमी : तेज रफ्तार माजदा ने स्कूटी सवार को कुचला, मौत

लोरमी में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक तेज रफ्तार माजदा वाहन ने स्कूटी सवार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद माजदा चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

 

 

 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *