प्रांतीय वॉच

मुख्यमंत्री बघेल ने गौठान में आत्मनिर्भर होती महिलाओं से मिलकर जताई खुशी

Share this
  • गमले, दीये, मुर्तियां और गोबर की लकड़ियां से लेकर कुक्कुटपालन, मछलीपालन सहित मशरुम उत्पादन से महिलाएं हो रही आत्मनिर्भर
  • मुख्यमंत्री को महिलाओं ने भेंट की अपनी कृतियां
समैया पागे/ बीजापुर : मुख्यमंत्री दो दिवसीय प्रवास में बीजापुर पहुंचे 10 जनवरी 2021 को गौठानों से गरीबों को आर्थिक रुप से समृद्ध करने का सपना साकार होते देखकर मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने खुशी जताई। यहां नगरपालिका द्वारा संचालित गौठान पहुंचे और विभिन्न रोजगारमूलक कार्यों में संलग्न महिलाओं से मिलकर हालचाल जाना। गौठान पहुंचें मुख्यमंत्री को महिलाओं ने गोबर से बने दीया, गमला, मुर्तियां आदि भेंट कीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मां दंतेश्वरी महिला स्वसहायता समूह की महिलाओें से रुबरु होकर गाय एवं भैंस पालन से दुग्ध उत्पादन और गोबर विक्रय से आमदनी के संबंध  में जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि यहां आवारा पशुओं को रखने के लिए गौठान का निर्माण किया गया था, इस गौठान के संचालन का कार्य कर रही महिलाओं ने अपने पालतू मवेशियों को भी यहां रखना प्रारंभ किया। उन्होंने बताया कि इसका कारण यहां पानी और चारे की पर्याप्त उपलब्धता है। महिलाओं ने यह भी बताया कि गौठान में बायो गैस प्लांट भी बनाया गया है, इससे ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता हो रही है साथ ही उच्च गुणवत्ता का खाद भी तैयार हो रहा है। उन्होंने बताया कि यहां वर्मी कम्पोस्ट भी तैयार किया जा रहा है। अब तक करीब तीन सौ क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट तैयार किया जा चुका है और 33 हजार रुपए का वर्मी कम्पोस्ट विक्रय किया जा चुका है। देशी मुर्गा का पालन कर रही मणिकंचन महिला स्वसहायता समूह के सदस्यों ने बताया कि देशी मुर्गों की अच्छी मांग होने से देशी मुर्गों के पालन के लिए प्रेरित हुई हैं। उन्होंने बताया कि वे यहां मशरुम का उत्पादन भी कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रही महिलाओं के आत्मविश्वास को देखकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि गरीबों को समृद्ध करने का सपना साकार होते देखकर खुशी हो रही है। उन्होंने महिलाओं को इन आर्थिक गतिविधियों अपने परिवार को खुशहाल बनाने की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री जयसिंह अग्रवाल, उद्योग मंत्री कवासी लखमा, सांसद दीपक बैज, बस्तर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष  विक्रम मंडावी एवं संतराम नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुड़ियम, कमिश्नर जीआर चुरेन्द्र पुलिस महानिरीक्षक पी सुंदरराज, कलेक्टर रितेश अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक कमलोचन कश्यप सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *