AK-47 had to be fired heavily on Dussehra! Show-cause notice to IPS Ankita Sharma
रायपुर। विजयादशमी (दशहरा) के अवसर पर शस्त्र पूजन के दौरान AK-47 राइफल से हवाई फायरिंग करने का वीडियो वायरल होने के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय ने राजनांदगांव की पुलिस अधीक्षक (SP) अंकिता शर्मा को कारण बताओ (शो-कॉज) नोटिस जारी किया है।
क्या है पूरा मामला?
20 अक्टूबर को विजयादशमी के मौके पर राजनांदगांव के पुलिस लाइन्स में पारंपरिक शस्त्र पूजा का आयोजन किया गया था। इस दौरान साड़ी पहने हुए SP अंकिता शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें वे AK-47 राइफल से लगातार कई राउंड हवाई फायरिंग करती नजर आ रही हैं।
राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) अजय यादव ने बताया कि पुलिस मुख्यालय ने इस घटना को गंभीरता से लिया है। मुख्यालय का मानना है कि यह कृत्य पुलिस के हथियार संचालन नियमों के अनुकूल नहीं है, इसलिए SP से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
IG ने कहा, मुख्यालय ने माना है कि सोशल मीडिया पर आ रही नकारात्मक टिप्पणियों से पुलिस बल की गरिमा को ठेस पहुंची है। SP का जवाब मिलने के बाद मैं अपनी टिप्पणी के साथ रिपोर्ट मुख्यालय भेजूंगा, जहां से आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।

