BREAKING CG NEWS

8 घंटे में एसिड अटैक के आरोपियों तक पहुंची बालोद पुलिस

Share this

बालोद। बालोद शहर के सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में युवती पर हुए एसिड अटैक की घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए बालोद पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों तक पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि पीड़ित युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर ने ही अपने दोस्त करण कुंजाम के साथ मिलकर एसिड अटैक की साजिश रची थी।

घटना के तत्काल बाद ही पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) ने पूरे जिले के थाना प्रभारियों एवं पुलिस टीमों को सक्रिय कर दिया। एसपी ने स्वयं मामले की कमान संभालते हुए जांच की दिशा में लगातार नजर बनाए रखी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक विनय साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

घटना के बाद हर पहलू की बारीकी से जांच

पुलिस ने घटना से जुड़े प्रत्येक पहलू की बारीकी से जांच शुरू की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसके अलावा पुलिस ने अपने गोपनीय सूचना तंत्र तथा तकनीकी संसाधनों का भी उपयोग किया। पीड़िता से जुड़े लोगों, संदिग्ध गतिविधियों और घटना से पहले एवं बाद की गतिविधियों को जांच के दायरे में लिया गया।

जांच के दौरान मिले तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर पीड़ित युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर, वर्तमान निवासी कुंदरूपारा, बालोद, को संदेह के घेरे में लिया गया। पूछताछ के दौरान यश ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अलग-अलग कहानियां बताने का प्रयास किया।

पूछताछ में खुली साजिश की परतें

पुलिस के अनुसार, कड़ाई से पूछताछ करने पर यश सोनकर ने युवती के साथ प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, युवती द्वारा किसी अन्य युवक से प्रेम संबंध एवं विवाह की इच्छा व्यक्त किए जाने से नाराज होकर यश ने करीब तीन माह पहले अपने स्कूल फ्रेंड करण कुंजाम, निवासी भैरमगढ़, जिला बीजापुर, के साथ मिलकर युवती पर एसिड फेंकने की योजना बनाई थी।

पुलिस के अनुसार, यश लगातार युवती को मनाने का प्रयास कर रहा था। युवती के तैयार नहीं होने पर उसने अपने दोस्त करण कुंजाम को 26 सितंबर को बालोद बुलाया। इसके बाद 27 सितंबर को एसिड खरीदा गया और गणेश झांकी के दौरान घटना को अंजाम देने की योजना बनाई गई। हालांकि, उस समय कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दोनों ने घटना को अंजाम नहीं दिया।

5 अक्टूबर को दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे युवती लाइब्रेरी से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान यश सोनकर के कहने पर करण कुंजाम ने युवती पर एसिड फेंक दिया। घटना के बाद करण तत्काल मौके से फरार होकर तांदुला बांध की ओर भागा। इसके बाद वह लिफ्ट लेकर झलमला, मरकाटोला होते हुए चारामा की ओर चला गया।

इधर पुलिस की टीम यश सोनकर से लगातार पूछताछ कर रही थी। यश से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दूसरे आरोपी करण कुंजाम की पहचान की। पुलिस टीम ने शाम करीब 5 बजे तक करण की पहचान सुनिश्चित कर उसके संभावित ठिकानों पर सघन पतासाजी शुरू कर दी। लगातार प्रयास के बाद करण कुंजाम को कोंडागांव से हिरासत में लिया गया।

एसिड और घटना के समय पहने कपड़े जब्त

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने अपने मेमोरेण्डम कथन में घटना में शामिल होना स्वीकार किया तथा घटना में प्रयुक्त एसिड एवं घटना के समय पहने गए कपड़ों के संबंध में जानकारी दी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर संबंधित सामग्री जब्त की है। मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

1. यश कुमार सोनकर, पिता ईश्वर लाल सोनकर, उम्र 20 वर्ष, वार्ड क्रमांक 11, ग्राम नेवारीकला, जिला बालोद।

 

2. करण कुंजाम, पिता दिनेश कुंजाम, उम्र 20 वर्ष, वार्ड क्रमांक 15, भैरमगढ़, थाना भैरमगढ़, जिला बीजापुर।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, थाना प्रभारी गुरुर निरीक्षक मुकेश सिंह, साइबर प्रभारी धरम भुआर्य, आरक्षक संजय सोनी सहित थाना कोतवाली बालोद के समस्त स्टाफ एवं साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस की अपील

बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि, पीछा किए जाने, धमकी दिए जाने अथवा परेशान किए जाने की जानकारी को नजरअंदाज न करें। ऐसी किसी भी घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

बालोद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है और ऐसे मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।

बालोद से फिलिप चाको कि रिपोर्ट

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *