Punjab Politics: Attempt to throw eggs and tomatoes at CM Mann’s convoy; BJP leader Ravneet Bittu detained.
लुधियाना। पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता रवनीत सिंह बिट्टू को शनिवार पंजाब पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उन्होंने पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (PAU) गेट के पास मुख्यमंत्री भगवंत मान के काफिले को शराब की बोतलें, अंडे और टमाटर दिखाए।
पीएयू में आयोजित हेलीपैड में उतरने के बाद मुख्यमंत्री का काफिला साउथ सिटी की ओर से निकल कर इंडोर स्टेडियम की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीएयू से निकलने वाले आठ नंबर गेट के पास पहले से बिट्टू अंडे और प्याज लेकर खड़े थे।
हालांकि, पुलिस ने उनके इरादे को भांपते हुए उन्हें घेर लिया, लेकिन जैसे ही काफिला निकला, बिट्टू ने अंडे फेंकने शुरू कर दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन एक अंडा काफिले में गुजरने वाले वाहन की ओर चला गया। इसके बाद पुलिस उन्हें ले गई।
बता दें कि यह कार्रवाई उस घटना के एक दिन बाद हुई जब बिट्टू ने आरोप लगाया था कि बटाला के पास आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले पर हमला किया था। उस समय वह बीजेपी की नशा-विरोधी यात्रा में शामिल होने के लिए पठानकोट जा रहे थे।
100 से अधिक कार्यकर्ताओं ने बनाया निशाना: रवनीत बिट्टू
पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने शुक्रवार को दावा किया था कि आम आदमी पार्टी के के 100 से अधिक कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले को निशाना बनाया और गाड़ियों पर पत्थर व अंडे फेंके।
बीजेपी नेता ने आरोप लगाया कि हमले में दो एस्कॉर्ट गाड़ियां और जैमर गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गईं। बिट्टू ने कहा कि दो एस्कॉर्ट गाड़ियों की खिड़की के शीशे टूट गए। उन्होंने जैमर गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया
बिट्टू ने सरकार पर लगाए आरोप
रवनीत बिट्टू ने घटना के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि यह घटना तब हुई जब उनका काफिला धीमा हुआ था। उन्होंने कहा कि उस दौरान स्थानीय पुलिस मूकदर्शक बनी रही।
बिट्टू ने यह भी चेतावनी दी कि अगर उन्हें या उनके साथ मौजूद लोगों को कुछ भी होता है, तो इसके लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान और राज्य के डीजीपी जिम्ममेदार होंगे। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस मामले की जानकारी केंद्रीय गृह मंत्रालय को दे दी है।

