BREAKING CG NEWS

CG NEWS: CRPF कैंप में मचा हड़कंप! फंदे पर लटका मिला जवान का शव 

Share this

CG NEWS: Stir at CRPF camp! Jawan’s body found hanging.

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में CRPF के एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सकरी थाना क्षेत्र के भरनी स्थित CRPF कैंप में पदस्थ आरक्षक जयप्रकाश गहिर का शव सुबह के समय फंदे से लटका मिला। जवान का शव पुराने केंद्रीय विद्यालय परिसर की झाड़ियों के बीच एक पेड़ पर मिला, जिसके बाद कैंप में हड़कंप मच गया। मृतक जवान की पहचान 33 वर्षीय जयप्रकाश गहिर पिता जब्बा बनघु गहिर के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ओडिशा के बलांगीर जिले के ग्राम खरबहाली, थाना बेलपड़ा के रहने वाले थे और लंबे समय से CRPF में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

जानकारी के अनुसार, सुबह कैंप परिसर में जवान का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने की सूचना अधिकारियों को मिली। इसके बाद सकरी थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। CRPF में पदस्थ मनोज कुमार ने इस घटना की रिपोर्ट सकरी थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

अनियंत्रित होकर पलटी CRPF की गाड़ी, हादसे में 6 जवान घायल

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृत जवान के परिजनों ने पुलिस को बताया कि जयप्रकाश गहिर नशे की हालत में थे। घर में किसी बात को लेकर विवाद होने के बाद वह बाहर निकल गए थे। इसके बाद उन्होंने सुनसान इलाके में जाकर यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृत जवान के पिता और भाई बिलासपुर पहुंचे। सिम्स अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद CRPF की ओर से जवान को सम्मानपूर्वक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।

 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *