श्रीनगर। मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोनमर्ग (गगनगीर) सुरंग के पास केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का एक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गया। इस हादसे में वाहन में सवार सीआरपीएफ के 6 जवान घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, गाड़ी का संतुलन बिगड़ने से वाहन सड़क से फिसल गया। इस हादसे में सीआरपीएफ के 6 जवानों को चोटें आई हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर राहत कार्य शुरू किया गया।
सभी घायल जवानों को दुर्घटनास्थल पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया है। इसके बाद, बेहतर और आगे के इलाज के लिए उन्हें पास के गुंड स्थित सीआरपीएफ शिविर और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय पुलिस ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

