RAILWAY NEWS: बिलासपुर: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 18 अगस्त को वित्तीय वर्ष 2026-27 में 100 मिलियन टन माल लदान का आंकड़ा पार कर लिया। रेलवे ने 100.125 मिलियन टन माल लदान किया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के 97.673 मिलियन टन से 2.51 प्रतिशत अधिक है। यह उपलब्धि पिछले साल से चार दिन पहले हासिल हुई है।माल लदान से रेलवे को 12,023.6 करोड़ रुपये का राजस्व मिला, जो पिछले वर्ष की तुलना में 1.69 प्रतिशत अधिक है। इस दौरान 26,535 मालगाड़ियां लोड की गईं। कोयला, लौह अयस्क, इस्पात और सीमेंट जैसे जरूरी संसाधनों के परिवहन में रेलवे की अहम भूमिका रही।माल परिवहन के साथ यात्री सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अप्रैल से जुलाई 2026 के बीच 48 विशेष ट्रेनों के 140 फेरे संचालित किए गए। समर स्पेशल, रथ यात्रा स्पेशल और श्रावणी स्पेशल ट्रेनों से यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिली और नियमित ट्रेनों पर दबाव कम हुआ।रेलवे द्वारा दोहरीकरण, तीसरी-चौथी रेल लाइन, यार्ड रिमॉडलिंग और आधुनिक सिग्नलिंग जैसे कार्यों से परिवहन क्षमता बढ़ाई जा रही है। रेलवे के अनुसार इससे माल और यात्री ट्रेनों के परिचालन में गति और दक्षता बढ़ी है।

