बालोद( जिला संवाददाता फिलिप चाको) : कबाड़ व्यवसाय से जुड़े जिले के करीब 300 परिवारों ने प्रशासन द्वारा बरती जा रही सख्ती को लेकर भाजपा नेता राकेश यादव के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक एवं कोतवाली थाना पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं। व्यवसायियों का कहना था कि प्रशासन की सख्ती के चलते उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है और उनके परिवारों के जीविकोपार्जन पर इसका सीधा असर पड़ रहा है।
कबाड़ व्यवसाय से जुड़े लोगों ने भाजपा नेता राकेश यादव के माध्यम से पुलिस प्रशासन से मांग की कि नियमों का पालन करते हुए उन्हें अपना व्यवसाय संचालित करने का अवसर दिया जाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक किरण कुमार चौहान ने व्यवसायियों से चर्चा करते हुए कहा कि विधिवत रूप से कानून में निर्धारित नियमों एवं शर्तों को पूरा करने के बाद कबाड़ व्यवसाय संचालित किया जा सकता है। उन्होंने व्यवसायियों को आवश्यक दस्तावेज तैयार कर नियमानुसार कारोबार करने की बात कही।
इस दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष कमलेश सोनी ने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से हरसंभव प्रयास किया जा रहा है कि किसी भी व्यक्ति की रोजी-रोटी प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि कबाड़ व्यवसाय के लिए आवश्यक दस्तावेज जैसे गोमास्ता लाइसेंस एवं लघु व्यवसाय (एमएसएमई) पंजीयन सहित अन्य जरूरी औपचारिकताओं को पूरा कराने में हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
चोरी के सामान पर पुलिस को सूचना देने का लिया निर्णय
कबाड़ व्यवसाय से जुड़े लोगों ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष तथा कोतवाली थाना में आवेदन प्रस्तुत किया। इस दौरान व्यवसायियों ने सामूहिक रूप से निर्णय लिया कि किसी भी व्यक्ति द्वारा चोरी का सामान अथवा संदिग्ध वस्तु लाए जाने की स्थिति में तत्काल अपने नजदीकी संबंधित थाने को इसकी सूचना दी जाएगी। साथ ही पुलिस जांच एवं कार्रवाई में यथासंभव सहयोग करने की बात भी कही गई।
व्यवसायियों का कहना है कि वे कानून का पालन करते हुए अपना कारोबार संचालित करना चाहते हैं, ताकि उनके परिवारों की आजीविका भी चलती रहे और पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर अवैध गतिविधियों पर भी रोक लगाई जा सके।


