CG News: बालोद जिले के अर्जुंदा थाना क्षेत्र के विद्या विशु खुरसुनी राइस मिल परिसर में बीती देर रात पानी की टंकी में डूबने से 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बिहार राज्य के पूर्णिया जिले के मोहनिया गांव निवासी प्रिंस कुमार शाह के रूप में हुई है, जो राइस मिल के फैक्ट्री सेक्शन में कार्यरत था।
युवक के काम पर नहीं पहुंचने पर मिल परिसर में उसकी खोजबीन शुरू की गई। देर रात करीब 11 बजे पानी की टंकी के आसपास तलाश करने के दौरान पानी में चप्पल तैरती दिखाई दी। संदेह होने पर टंकी में देखा गया, जहां युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल अर्जुंदा पुलिस को दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पानी की टंकी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गुंडरदेही भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक पानी की टंकी तक किन परिस्थितियों में पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है।
L

