CG WEATHER: रायपुर. छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में मानसून एक्टिव है. पिछले 24 घंटों के दौरान रायपुर और बिलासपुर संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हुई. वहीं कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश है. बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के प्रभाव से अगले दो दिनों तक अधिकांश स्थानों पर बारिश और एक-दो स्थानों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ वर्तमान में बीकानेर, दतिया, रीवा, डाल्टनगंज, जमशेदपुर होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट पर बने गहरे अवदाब के केंद्र से गुजर रही है. इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटों तक मानसूनी गतिविधियां तेज बनी रहने की संभावना है
कई इलाकों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. रायगढ़, जशपुर, सुरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर में 40-60 किमी की रफ्तार से हवाएं चलने, बादल गरजने और बारिश की संभावना है. इन इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, रायगढ़, जशपुर, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में आकाशीय बिजली, 30-40 किमी की तेज से हवाएं चलने और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है. .

