DELHI PROTEST : नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक महीने से अधिक समय से प्रदर्शन कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) प्रमुख अभिजीत दीपके की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। गुरुवार को तेज बुखार और शरीर में दर्द कारण उन्हें मजबूरी में प्रदर्शनस्थल से हटना पड़ा। इसकी जानकारी दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर दी है।
क्या बोले दीपके?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अभिजीत दीपके ने लिखा, “मुझे बुखार है। पिछले कुछ दिनों से शरीर में बहुत ज्यादा दर्द भी है। मैं पेनकिलर खाकर किसी तरह जोर लगा रहा था। यदि आज आप मुझे जंतर-मंतर पर ना देखें तो माफ करना। मुझे कुछ घंटे आराम करने और रिकवर करने की जरूरत है। मैं शाम तक प्रदर्शनस्थल पर लौट आऊंगा।
फूड प्वाइजनिंग जैसी समस्या
अभिजीत दीपके को हुई उल्टी के बाद जब सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका से मीडियाकर्मियों ने सवाल किया तो उन्होंने फूड प्वॉइजनिंग की बात कही थी। रांका ने कहा था कि दीपके को उल्टी और दस्त की शिकायत हुई है।
उन्हें संभवत: फूड प्वॉइजनिंग हो गई है। रांका ने यह भी कहा था कि उनके खाने-पीने पर अब विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने यह डर भी जाहिर किया था कि कोई जानबूझकर भी उन्हें खराब खाना खिला सकता है।
गौरतलब है कि अभिजीत दीपके 20 जून से ही जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। जंतर-मंतर पर दिन-रात इतनी भीड़ और शोर-शराबे के बीच आंदोलन के प्रबंधन, नेताओं से मुलाकात, आगे की रणनीति, पुलिस-प्रशासन और सरकार से टकराव के बीच अभिजीत दीपके की तबियत बिगड़ गई है।

