BREAKING CG NEWS

छात्रों के समर्थन में कांग्रेस का ब्लॉक स्तरीय प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

Share this

बिलासपुर | ( विशेष संवाददाता ) नई दिल्ली में छात्रों पर हुई पुलिसिया कार्रवाई और परीक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों के विरोध में कांग्रेस ने पूरे छत्तीसगढ़ में एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) और प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के आह्वान पर गुरुवार को बिलासपुर के नेहरू चौक पर भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा, छात्र और पदाधिकारी एकजुट हुए तथा केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार और दिल्ली पुलिस द्वारा लोकतंत्र की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस ने परीक्षा व्यवस्थाओं में हुई कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाते हुए इसकी नैतिक जिम्मेदारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर तय की और उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की। पार्टी नेताओं का कहना है कि संसद में इस पूरे मुद्दे पर तत्काल और विस्तृत चर्चा कराई जानी चाहिए। इसके साथ ही, नई दिल्ली में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रख रहे छात्रों और प्रदर्शनकारियों पर दर्ज सभी एफआईआर (FIR) को बिना शर्त तुरंत वापस लेने की भी पुरजोर मांग उठाई गई।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संतोष गर्ग, बिलासपुर के पूर्व विधायक शैलेश पांडे और पूर्व महापौर रामशरण यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। नेताओं ने कहा कि छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दों पर सरकार को जवाब देना ही होगा। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और छात्रों के हितों की लड़ाई को सड़क से लेकर संसद तक लड़ा जाएगा। इस विरोध प्रदर्शन में स्थानीय कांग्रेसी नेताओं के साथ बड़ी संख्या में आम जन और छात्र भी उपस्थित रहे।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *