बिलासपुर |( विशेष संवाददाता ) पचपेड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोकड़ी के आश्रित ग्राम खपरी में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब नाले के किनारे एक पेड़ पर 19 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटकता हुआ मिला। मृतक की पहचान खपरी निवासी आनंद कुमार ध्रुव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह जब कुछ ग्रामीण खपरी नाला की ओर गए, तो उन्होंने एक पेड़ पर युवक की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में लटकती देखी। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना पचपेड़ी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। मृतक की शिनाख्त आनंद कुमार ध्रुव (19 वर्ष), पिता बिसराजन ध्रुव, निवासी ग्राम खपरी के रूप में की गई है।
पचपेड़ी थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। हालांकि, युवक ने फांसी लगाने जैसा आत्मघाती कदम किन कारणों से उठाया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मृतक के परिजनों तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

