रायपुर। राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) एवं छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को सिविल लाइंस स्थित सर्किट हाउस के कन्वेंशन हॉल में ‘ऑल इंडिया पार्टी मीट’ (AIPM) का भव्य आयोजन किया गया। इस अनूठे आयोजन में 67 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की भूमिका निभाते हुए संसदीय शैली में बहस की, जबकि 52 विद्यार्थी दर्शक दीर्घा में मौजूद रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं और तार्किक चिंतन का विकास करना था।
खारून नदी के प्रदूषण पर एनआईटी के साथ शोध कर रही abvp मॉक पार्लियामेंट की शुरुआत से पहले प्रबुद्ध वक्ताओं ने abvp की एक महत्वपूर्ण पर्यावरण संरक्षण पहल की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि परिषद के कार्यकर्ता रायपुर और आस-पास के क्षेत्रों से लगातार खारून नदी के पानी के सैंपल एकत्र कर रहे हैं। इस जीवनदायिनी नदी के प्रदूषित होने के कारणों का पता लगाने के लिए एनआईटी (NIT) के सहयोग से विशेष शोध कार्य किया जा रहा है, ताकि इसके संरक्षण के वैज्ञानिक व ठोस उपाय किए जा सकें।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि विद्यार्थी परिषद से जुड़ने वाले युवाओं में ‘राष्ट्र प्रथम’ का भाव और समाजसेवा का संकल्प सदैव जीवित रहता है। मुख्य वक्ता abvp के प्रदेश सह मंत्री प्रथम राव फूटाने ने इसे राष्ट्र निर्माण का व्यापक अभियान बताते हुए ‘मिशन साहसी’ और ‘SEIL’ जैसी राष्ट्रीय पहलों पर प्रकाश डाला। मंच पर डॉ. अनुज शुक्ला, सुजल गुप्ता एवं कु. हर्षित कौर भी उपस्थित रहे।
परिसीमन विधेयक और नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर तीखे तर्क मॉक पार्लियामेंट में प्रतिभागियों ने “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” एवं “परिसीमन विधेयक 2026” जैसे ज्वलंत विषयों पर तथ्यों के साथ पक्ष-विपक्ष में तीखी बहस की। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पक्ष एवं विपक्ष दोनों श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। सदन में संसद अध्यक्ष की भूमिका श्री अन्वित दीक्षित ने निभाई। इस अवसर पर श्री यज्ञदत्त वर्मा और श्री दुष्यंत साहू सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

