BREAKING CG NEWS

पेट्रोल पंप पर छात्रों की गुंडागर्दी: कतार और कमेंट के विवाद में दो युवकों से मारपीट, तीन पर केस दर्ज

Share this

बिलासपुर। शहर के तारबहार थाना क्षेत्र स्थित अम्बा पेट्रोल पंप पर छात्रों की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। पेट्रोल भरवाने के लिए लाइन में लगने और कथित रूप से कमेंट करने को लेकर हुए विवाद में तीन छात्रों ने दो युवकों की जमकर पिटाई कर दी। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो रहा है। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

 

जानकारी के अनुसार, पेट्रोल पंप पर कतार में लगने के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि तीन छात्रों ने मिलकर दो युवकों पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। इस दौरान उन्होंने हाथ में पहने कड़े से भी वार किया। आरोपियों ने पंप परिसर में गाली-गलौज करते हुए जमकर हंगामा किया, जिससे वहां मौजूद अन्य लोगों में अफरा-तफरी मच गई। यह पूरी घटना पंप में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

 

वीडियो सामने आने और पीड़ितों द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और अन्य संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *