CG Liquor Scam: रामगोपाल अग्रवाल से ईओडब्ल्यू-एसीबी की पूछताछ जारी है। इस कड़ी में जांच एजेंसी उनके विदेश में रहने संबंधी तथ्यों की भी जांच कर रही है, जबकि उनके बेटे वैभव अग्रवाल ने दावा किया है कि वे छत्तीसगढ़ से बाहर नहीं गए थे। तीन साल से फरार रहे कांग्रेस के प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल से कोयला, कस्टम मिलिंग और डीएमएफ घोटाला मामलों में पूछताछ शुरू हुई है। जांच एजेंसी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक उनसे अलग-अलग मामलों के विवेचक पूछताछ कर रहे हैं। जांच एजेंसी फरारी की अवधि के दौरान उनके ठिकानों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
इसी सिलसिले में रामगोपाल अग्रवाल के बेटे वैभव अग्रवाल से भी पूछताछ की गई थी। वैभव ने जांच एजेंसी को बताया था कि रामगोपाल अग्रवाल कहीं बाहर नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ में ही थे। उनका कहना था कि रामगोपाल अग्रवाल ने ज्यादातर समय धमतरी में बिताया। हालांकि जांच एजेंसी से जुड़े अफसर वैभव के बयान पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं। इसकी वजह यह बताई जा रही है कि जांच एजेंसी पहले ही रामगोपाल अग्रवाल के धमतरी स्थित घर पर दबिश दे चुकी है।
एजेंसी को संदेह है कि रामगोपाल अग्रवाल विदेश में थे और उनके दुबई में होने की भी चर्चा रही है। बताया गया कि कोयला, शराब, कस्टम मिलिंग और डीएमएफ घोटाला मामलों में उनकी संलिप्तता के आरोप हैं। कई आरोपियों से पूछताछ के दौरान रामगोपाल अग्रवाल का नाम सामने आया है। बताया गया कि 7 जुलाई को रामगोपाल अग्रवाल ईओडब्ल्यू-एसीबी कार्यालय पहुंचे और सरेंडर किया। जांच एजेंसी ने गिर तारी की औपचारिकता पूरी करने के बाद उन्हें विशेष अदालत में पेश किया। अदालत ने उन्हें 17 जुलाई तक ईओडब्ल्यू-एसीबी की रिमांड पर भेज दिया है। उनसे पूछताछ चल रही है। पूछताछ के दौरान रामगोपाल अग्रवाल के वकील को उपस्थित रहने की अनुमति है।

