रायपुर। रोटरी क्लब ऑफ़ रायपुर ग्रेटर का पदस्थापना समारोह शुक्रवार को गरिमामय एवं भव्य वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में 200 से अधिक रोटेरियन्स एवं उनके परिवारजनों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। नई कार्यकारिणी ने शपथ ग्रहण कर आगामी रोटरी वर्ष के लिए सेवा, नेतृत्व एवं समाजहित के संकल्प लिए।
समारोह में रोटेरियन संजय करकरे ने क्लब के अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। उनके साथ रोटेरियन बीरेन्द्र शर्मा ने सचिव तथा रोटेरियन मोनेंद्र छाबड़ा ने कोषाध्यक्ष के रूप में शपथ ली।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में रोटेरियन संजय करकरे ने कहा कि आगामी वर्ष में क्लब शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, जल संरक्षण एवं सामुदायिक विकास जैसे क्षेत्रों में कई लैंडमार्क सेवा प्रोजेक्ट्स संचालित करेगा। उन्होंने सभी सदस्यों से टीम भावना, सेवा समर्पण एवं नवाचार के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि रोटरी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि समाज परिवर्तन का सशक्त माध्यम है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि DGE रोटेरियन भानु प्रताप सिंह चौधरी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि “रोटरी कोई क्लब नहीं, बल्कि सेवा का एक परिवार है। आइए, सेवा को आंदोलन बनाएं। हर सदस्य एक नया सदस्य जोड़े, युवाओं को नेतृत्व से जोड़ें और ऐसे स्थायी प्रोजेक्ट्स करें जिनका प्रभाव समाज वर्षों तक महसूस करे। जब समाज रोटरी की सेवा को देखेगा, तब और अधिक लोग इस मिशन से जुड़ेंगे।”
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रोटरी क्लब ऑफ़ रायपुर ग्रेटर आने वाले वर्षों में डिस्ट्रिक्ट ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा बनेगा। उन्होंने अपने संदेश का समापन “सेवा से परिवर्तन, परिवर्तन से शांति – रोटरी से जुड़ें, दुनिया बदलें” के प्रेरक संदेश के साथ किया।
समारोह में रोटरी क्लब ऑफ़ रायपुर ग्रेटर के संस्थापक रोटे एस. के. अग्रवाल, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन मेजर दीपक मेहता, PDG रोटे शशि वरवंडकर, असिस्टेंट गवर्नर रोटे रविंदर सिंह सीरे व क्लब के सभी पूर्व अध्यक्षों, सदस्यों, विभिन्न रोटरी क्लबों के अध्यक्षों एवं बड़ी संख्या में रोटेरियन्स की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनकी उपस्थिति ने समारोह की गरिमा को और बढ़ाया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन संजय करकरे ने अपने उद्बोधन में पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन रितेश जिंदल एवं उनकी पूरी टीम के सफल एवं प्रेरणादायी कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उत्कृष्ट नेतृत्व एवं सेवा कार्यों के लिए विशेष आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में नए सदस्यों का स्वागत, प्रेरणादायी संबोधन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ तथा रोटेरियन्स की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने समारोह को यादगार बना दिया। तालियों की गूंज और सेवा के संकल्पों के बीच नई टीम ने समाज सेवा के नए अध्याय की शुरुआत का संकल्प लिया।
इस अवसर पर क्लब की पत्रिका समर्पण का विमोचन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन रोटेरियन राजेश चौरसिया ने किया.
यह जानकारी रोटरी क्लब ऑफ़ रायपुर ग्रेटर के मीडिया डायरेक्टर रोटेरियन मनीष राज्यवर्धन द्वारा दी गई।

