BREAKING CG NEWS

युवक का अपहरण कर 50 हजार की फिरौती मांगने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार

Share this

रतनपुर (ASB): रतनपुर पुलिस ने अपहरण और 50 हजार रुपये की फिरौती मांगने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को आज गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक का चाकू की नोक पर अपहरण कर लिया था और परिजनों से फिरौती मांगने की साजिश रची थी।

पुलिस के अनुसार, 24 जून को भेलवापारा कलमीटार निवासी युवक का अपहरण कर उसे कोरबाभांवर जंगल ले जाया गया था। वहां आरोपियों ने उसके सामने गांजा फैलाकर तस्वीर खींची और उसकी मां को फोन करवाकर झूठ बोलवाया कि पुलिस से छूटने के लिए 50 हजार रुपये की जरूरत है।

इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों, इशांत सारथी और निखिल रजक उर्फ एलियन, को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। फरार चल रहे आरोपी सोम उर्फ रोशन निर्मलकर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आज गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

एएसपी मधुलिका सिंह ने बताया कि इस मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की अभी भी सरगर्मी से तलाश जारी है। इसके साथ ही पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपियों के अन्य आपराधिक नेटवर्क की पड़ताल भी की जा रही है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *