अनुज तिवारी, छत्तीसगढ़ वॉच ब्यूरो चीफ
भानुप्रतापपुर। बस्तर अंचल के छोटे से गांव कन्हारगांव की साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर तिरांजली गोस्वामी आज छत्तीसगढ़ी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बना रही हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बीच पली-बढ़ी इस बेटी ने अपने सपनों को सिर्फ देखा ही नहीं, बल्कि उन्हें साकार करने का साहस भी दिखाया। अब उनकी पहली फिल्म “मोला लव होगे” 8 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है, जो उनके संघर्ष, मेहनत और समर्पण की एक बड़ी उपलब्धि है।
तिरांजली का बचपन भानुप्रतापपुर क्षेत्र में बीता, जहां से उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी की। बचपन से ही उन्हें कला के प्रति विशेष लगाव था। गायन और नृत्य उनके जीवन का अहम हिस्सा रहे। हालांकि शुरुआती दिनों में उनका सपना कलेक्टर बनने का था, लेकिन जैसे-जैसे समय बीता, उनका झुकाव अभिनय की ओर बढ़ता गया और उन्होंने इसी क्षेत्र में अपना भविष्य तलाशने का निर्णय लिया।
शिक्षा के क्षेत्र में भी उन्होंने चुनौतियों के बावजूद हार नहीं मानी। 10वीं तक नियमित पढ़ाई करने के बाद परिस्थितियों के कारण उन्हें ओपन स्कूल के माध्यम से अपनी आगे की पढ़ाई जारी रखनी पड़ी। वर्तमान में वे फाइनल ईयर की छात्रा हैं और शिक्षा के साथ-साथ अपने करियर को भी मजबूती दे रही हैं।
उनके जीवन का सबसे कठिन दौर तब आया, जब वे कक्षा 6 में थीं और उनके पिता का निधन हो गया। इस घटना ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया। घर की जिम्मेदारियां उनकी मां और उनके कंधों पर आ गईं। बड़ी बेटी होने के नाते तिरांजली ने कम उम्र में ही जिम्मेदारियों को समझा और हर चुनौती का डटकर सामना किया। कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने अपने हौसले को कभी टूटने नहीं दिया और अपने सपनों की ओर लगातार बढ़ती रहीं।
भानुप्रतापपुर जैसे छोटे क्षेत्र में अवसरों की कमी को देखते हुए उन्होंने वर्ष 2025 में रायपुर का रुख किया। यह फैसला उनके जीवन का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। रायपुर में उन्होंने डांस क्लास और थिएटर जॉइन कर अभिनय की बारीकियां सीखीं। यहां उन्हें न सिर्फ प्रशिक्षण मिला, बल्कि अपने हुनर को निखारने का अवसर भी मिला। धीरे-धीरे उन्हें छोटे-छोटे प्रोजेक्ट्स मिलने लगे और उन्होंने अपनी पहचान बनानी शुरू कर दी।
अपनी मेहनत और लगन के दम पर तिरांजली अब तक 20 से अधिक म्यूजिक एल्बम में काम कर चुकी हैं। वर्ष 2026 में उनके कई गाने सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे हैं, जिनमें “निंदिया आराम से”, “नई कहव आई लव यू”, “काजल काजल” और “डोंट टच माय घाघरी” विशेष रूप से लोकप्रिय हुए हैं। इन गीतों ने उन्हें दर्शकों के बीच एक अलग पहचान दिलाई है और उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।
अब तिरांजली गोस्वामी अपनी पहली फिल्म “मोला लव होगे” में लीड एक्ट्रेस के रूप में नजर आने वाली हैं। अनुमोद फिल्म के बैनर तले बनी यह फिल्म उनके करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह फिल्म सिर्फ एक सिनेमाई प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि उनके वर्षों के संघर्ष, त्याग और अथक परिश्रम का परिणाम है।
तिरांजली कहती हैं कि एक छोटे शहर की लड़की के लिए इस मुकाम तक पहुंचना आसान नहीं था, लेकिन परिवार और दोस्तों के सहयोग ने उन्हें हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। बिना किसी बड़े बैक सपोर्ट के, केवल अपने आत्मविश्वास और मेहनत के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। दर्शकों से मिले प्यार और समर्थन को वे अपनी सबसे बड़ी ताकत मानती हैं।
वर्ष 2023 में “मिस कांकेर” का खिताब जीत चुकी तिरांजली आज न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे भानुप्रतापपुर और बस्तर अंचल के लिए गर्व का विषय बन चुकी हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि यदि इरादे मजबूत हों और मेहनत सच्ची हो, तो किसी भी परिस्थिति में अपने सपनों को साकार किया जा सकता है।

