“रंगों के माध्यम से विद्यार्थियों ने दिया स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान करने का संदेश

विष्णु गुप्ता
बिलासपुर
बतौली:- जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर सरगुजा के मार्गदर्शन में स्वीप कार्यक्रम के तहत 26 सितंबर 2025 को शासकीय महाविद्यालय बतौली (सरगुजा) में महाविद्यालयीन विद्यार्थियों के लिए मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें रंगोली, पोस्टर, मेंहदी और निबंध प्रतियोगिता में सहभागिता कर विद्यार्थियों ने मतदाता जागरूकता का संदेश दिया।
रंगोली और पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगों के माध्यम से अपनी सृजनशीलता को सूक्ष्मतापूर्वक अभिव्यक्त किया जिसमें भारत के सभी निर्वाचनों में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शत-प्रतिशत मतदान हेतु संदेश निहित था। महाविद्यालय के विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने एकल और समूहों में सहभागिता कर अपने सृजनशीलता का परिचय दिया।
“पोस्टर प्रतियोगिता” में बी.एससी. तृतीय सेमेस्टर के रूपाली मिंज ने प्रथम स्थान अर्जित किया, इसी कक्षा के सुरेंद्र बड़ा ने द्वितीय स्थान और अल्मा कुजूर ने तृतीय स्थान अर्जित किया। “मेहंदी लगाओ प्रतियोगिता” में बी.एससी. अंतिम वर्ष की अंगिता सिंह ने प्रथम स्थान, प्रिया मिश्रा ने द्वितीय स्थान एवं बी.एससी. तृतीय सेमेस्टर की सुषमारानी ने तृतीय स्थान अर्जित किया। इसी तरह “रंगोली प्रतियोगिता” में बी.एससी. तृतीय सेमेस्टर के आरती, आंचल और चंचल ने प्रथम स्थान अर्जित किया, बी. कॉम. अंतिम वर्ष की आरती दास, जोशीला और अंजलि सिंह ने द्वितीय स्थान अर्जित किया एवं बी.एससी. अंतिम वर्ष की अनामिका, मुस्कान एवं प्रीति कुमारी और उर्मिला पैकरा, गरिमा सिंह और सुष्मिता तिग्गा ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान अर्जित किया।
मतदाता जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वीप के नोडल प्राध्यापक प्रो. गोवर्धन प्रसाद सूर्यवंशी ने कहा कि सभी निर्वाचनों में युवाओं को स्वतंत्र और निष्पक्ष होकर मतदान करना चाहिए। सभी चुनावों में मतदाताओं को अधिक से अधिक संख्या में मतदान करना चाहिए ताकि वे अपने पसंदीदा जन प्रतिनिधियों का चुनाव कर जवाबदेह सरकार का निर्माण कर सके। महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य बी.आर. भगत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान एक महापर्व है जिसमें नागरिकों को अपने प्रतिनिधि चुनने का अवसर मिलता है जिसका सदुपयोग करते हुए स्वच्छ छवि वाले उम्मीदवारों का चुनाव करना चाहिए।
महाविद्यालय के प्राचार्य बी. आर. भगत के मार्गदर्शन और स्वीप के नोडल प्राध्यापक प्रो. गोवर्धन प्रसाद सूर्यवंशी के संयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी प्रो. तारा सिंह, प्रो. बलराम चंद्राकर, प्रो. जिभियन खेस, प्रो. सुभागी भगत, प्रो. मधुलिका तिग्गा, अतिथि शिक्षण सहायक सुश्री शिल्पी एक्का के साथ राम प्रसाद राम, बसंत कुमार, अक्षय आनंद कच्छप, राजेश तिर्की एवं राजेश कुमार के साथ स्वीप के कैंपस एंबेसडर विशाल विश्वकर्मा एवं स्नेहा पैकरा की उपस्थिति में बड़ी संख्या में सभी संकायों के महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में सहभागिता किया।

