बिलासपुर वॉच

अवैध धान संग्रहण के विरुद्ध फिर कार्यवाही 94 क्विंटल धान जब्त

Share this

अवैध धान संग्रहण के विरुद्ध फिर कार्यवाही 94 क्विंटल धान जब्त

बिलासपुर। जिले में अवैध धान संग्रहण के विरुद्ध अभियान के तहत शनिवार को राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 237 बोरी (94 क्विंटल) धान जब्त किया। कलेक्टर अवनीश शरण के निर्देश पर यह अभियान लगातार जारी है और समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रक्रिया पूरी होने तक चलेगा। खाद्य विभाग के जिला अधिकारी अनुराग भदौरिया ने बताया कि तहसील बेलतरा के ग्राम नेवसा में व्यापारी सूरज साहू के घर पर छापा मारकर 102 कट्टी (40 क्विंटल) धान जब्त किया गया। व्यापारी के पास धान का कोई वैध दस्तावेज नहीं था, जिसके कारण इसे राजस्व विभाग द्वारा सील कर दिया गया। इसी प्रकार नेवसा में ही व्यापारी हरि सूर्यवंशी के घर से 135 कट्टी (54 क्विंटल) धान जब्त किया गया। व्यापारी द्वारा धान के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने के कारण इसे भी सील कर दिया गया। खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान अवैध धान के संग्रहण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए शासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। उपरोक्त निर्देशों के तहत जिले में धान व्यापारियों और कोचियों द्वारा अवैध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम अवैध भंडारण और परिवहन पर दंडात्मक कार्रवाई कर रही है। यह अभियान आगे भी तेज गति से जारी रहेगा। गौरतलब है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया सुचारु रुप से संचालित हो रही है। शासन ने यह सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाए हैं कि अवैध गतिविधियों से सरकारी उपार्जन प्रभावित न हो।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *