प्रांतीय वॉच रायपुर वॉच

छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस चुनाव… प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आकाश शर्मा और आशीष मोनू अवस्थी के बीच होगा सीधा मुकाबला…

Share this

छत्तीसगढ़ में युवा कांग्रेस चुनाव लॉक होने के लिए सिर्फ पांच दिन शेष हैं। अब तक युवा कांग्रेस के 12 लाख 31 हजार सदस्य बन चुके हैं। इनमें से 10 लाख 65 हजार से अधिक वोटिंग की जा चुकी है जबकि एक लाख 66 हजार से ज्यादा सदस्यों की वोटिंग पैसा नहीं पटने के कारण पेंडिंग है।

पहली बार ऑनलाइन हो रहे इस चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आकाश शर्मा और आशीष मोनू अवस्थी के बीच ही सीधा मुकाबला माना जा रहा है।

12 दावेदार मैदान में हैं। सभी दावेदारों को अलग-अलग चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया है। 12 मई से सदस्यता और वोटिंग शुरू हुई है जो कि 12 जून तक चलेगी। इसके जरिए एक प्रदेश अध्यक्ष, 8 उपाध्यक्ष, 45 महासचिव, 41 जिला-शहर अध्यक्ष और 90 विधानसभा अध्यक्ष चुने जाएंगे।

एप के माध्यम से हो रहा चुनाव
राष्ट्रीय युवा कांग्रेस ने चुनाव के लिए विथ आईवायसी नाम का एक एप तैयार किया है। मेंबर बनने के लिए इस एप को डाउनलोड करना होगा। इसके बाद मेंबरशिप के ऑप्शन पर क्लिक करना होगा। अपने मतदाता परिचय पत्र की कॉपी अपलोड करने और डिटेल भरने के बाद एक ओटीपी आएगा।

इसके बाद अध्यक्ष और अन्य पदों के दावेदारों के बैलेट पेपर एक-एक कर खुल जाएंगे। एक सदस्य पांच वोट डालेगा इसके बाद मेंबरशिप शुल्क 50 रुपए पटाने का ऑप्शन आएगा। शुल्क पटाने के बाद ही वोटिंग कंफर्म मानी जाएगी। यदि शुल्क नहीं पटाया तो इस मत को एक निर्धारित समय तक पेंडिंग माना जाएगा और पैसा नहीं पटाने पर इसे निरस्त कर दिया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष के लिए वोटिंग के बाद इंटरव्यू भी
जानकारी के मुताबिक 12 जून को सदस्यता और वोटिंग समाप्त होने के बाद इसकी स्क्रूटनी की जाएगी। स्क्रूटनी के दौरान निर्धारित प्रक्रिया के तहत वोटिंग की गई है कि नहीं इसकी जांच की जाएगी। लगभग एक महीने तक यह प्रक्रिया चलेगी इस दौरान गल्तियां सुधारने का मौका भी दिया जाएगा।

इसके बाद टॉप थ्री स्कोरर को दिल्ली बुलाया जाएगा। जहां इंटरव्यू के बाद बेहतर परफार्मेंस करने वाले को प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया जाएगा।

ये दावेदार हैं अध्यक्ष के लिए मैदान में
अध्यक्ष पद के लिए 12 लोेगों ने नामांकन दाखिल किया है। इसमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। इस पद के लिए प्रमुख दावेदारों में आकाश शर्मा, आशीष अवस्थी मोनू, गुलजेब अहमद, चकेश्वर गढपाले, कमलेश करम, मानस सुमन पंड्या, मोज्जसम नजर, शशि सिंह, सूरज कश्यप, तुकाराम, विधि नामदेव और जीशान कुरैशी ने शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश अध्यक्ष पद के दावेदारों का पहले दिल्ली में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं द्वारा साक्षात्कार लिया गया है। साक्षात्कार के बाद 22 लोगों को चुनाव लड़ने के लिए पात्र माना गया था।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *