इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का लीग स्टेज अपनी समाप्ति की ओर है जिसका 69वां मैच वानखेड़े के मैदान पर खेला जा रहा है। आईपीएल 2022 के प्लेऑफ से पहले खेला जाने वाला यह आखिरी लीग मैच होगा जिस पर दुनिया भर के फैन्स की निगाहें रहने वाली हैं, क्योंकि इसके नतीजे से दो टीमों की किस्मत जुड़ी हुई है तो वहीं पर प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी मुंबई इंडियंस की टीम की जीत के लिये उसके फैन्स से ज्यादा आरसीबी के प्रशंसक दुआयें मांगते नजर आयेंगे।
दरअसल आईपीएल 2022 के प्लेऑफ के लिये 3 टीमें पहले ही क्वालिफाई कर चुकी हैं और चौथी टीम के लिये वानखेड़े के मैदान पर खेला जाने वाला यह मैच काफी अहम होने वाला है। जहां गुजरात और राजस्थान की टीम पहले क्वालिफॉयर में भिड़ती नजर आयेंगी तो वहीं पर लखनऊ सुपरजाएंटस की टीम को दिल्ली और आरसीबी में से किसी एक टीम के साथ एलिमिनेटर खेलना है। आरसीबी की टीम ने 16 अंक लेकर फिलहाल चौथे पायदान पर कब्जा जमाया हुआ है, हालांकि मुंबई इंडियंस पर दिल्ली कैपिटल्स की जीत उसे पांचवे पायदान पर धकेल देगी और पंत की कप्तानी वाली टीम एलिमिनेटर में पहुंच जायेगी।
टॉस जीत किया पहले गेंदबाजी का फैसला
दिल्ली और मुंबई के बीच खेले जाने वाले इस मैच को अगर आईपीएल 2022 का सबसे रोमांचक मैच कहा जाये तो गलत नहीं होगा। पिच पर घास बिल्कुल भी नहीं है जिसकी वजह से यहां पर स्पिनर्स को काफी मदद मिलती नजर आयेगी तो वहीं पर पिच के लगातार धीमे होने की वजह से यहां पर दूसरी पारी में रन बनाना आसान नहीं होगा। हालांकि इसके बावजूद जब मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीता तो पहले गेंदबाजी का फैसला किया। रोहित शर्मा ने बताया कि वो इस मैच में अपने बॉलर्स को पहले मौका देना चाहते हैं ताकि एक निश्चित स्कोर का पीछा करते हुए टीम जीत हासिल कर सके।

