BJP Vs CONGRESS: Congress released a poster as soon as he became in-charge, Arun Sao said – Fear of Amethi’s defeat
BJP Vs CONGRESS: रायपुर। स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश प्रभारी बनने के बाद कांग्रेस ने उनके संसद में दिए गए भाषण, और गैस सिलेंडर और शक्कर के बढ़े दामों को लेकर पोस्टर जारी कर निशाना साधा है. इस पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तंज कसते हुए कहा कि स्मृति ईरानी ने अमेठी में कांग्रेस के सबसे बड़े नेता राहुल गांधी को पटकनी दी थी, उसका खौफ अब छत्तीसगढ़ कांग्रेस में भी दिखाई दे रहा है.
दरअसल, स्मृति ईरानी के संसद में अडानी को तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा आदिवासियों के विरोध के बावजूद काम देने का आरोप लगाया था. छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने इस भाषण के साथ सिंलेडर और शक्कर की बड़ी कीमतों पर सोशल मीडिया में पोस्टर जारी कर निशाना साधा है.
इस पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस को स्मृति ईरानी के नाम का डर है, जिन्होंने राहुल गांधी के घर में जाकर उन्हें चुनाव में पटकनी देने का काम किया, उनके छत्तीसगढ़ प्रभारी बनने से कांग्रेस डरी हुई है. उन्हें डर है कि अगर उनके सबसे बड़े नेता का ऐसा हश्र हुआ है, तो उनका यहां क्या होगा.
वहीं स्मृति ईरानी के प्रदेश प्रभारी नियुक्त होने पर अरुण साव ने कहा कि स्मृति ईरानी अनुभवी, तेज-तर्रार और सक्रिय राजनेता रही हैं. उन्होंने सरकार में बड़े विभागों की जिम्मेदारी संभाली है, और उनका लंबा राजनीतिक अनुभव है. संघर्षशील और मेहनती राजनेता के तौर पर उनकी पहचान है. ऐसे अनुभवी नेता के प्रदेश प्रभारी के रूप में छत्तीसगढ़ आने से निश्चित रूप से लाभ होगा. संगठन मजबूत होगा और सरकार चलाने में भी उनका सहयोग मिलेगा. वह पार्टी और सरकार के लिए मददगार साबित होंगी.
कांग्रेस महंगाई के मुद्दे पर उनसे करेगी सवाल
वहीं स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी बनाए जाने पर कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि उनका (स्मृति ईरानी) महंगाई को लेकर आंदोलन काफी चर्चित रहा है. सिलेंडर कंधे पर रखकर प्रदर्शन करते हुए उनकी तस्वीर भी सामने आई थी, अब जब वे छत्तीसगढ़ आएंगी, तो कांग्रेस महंगाई के मुद्दे पर उनसे सवाल करेगी और भाजपा को जवाब देना होगा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार महंगाई के मुद्दे को उठाती रही है. 13 रुपये किलो चीनी, 35 रुपये लीटर पेट्रोल और 500 रुपये में सिलेंडर दिलाने की बात स्मृति ईरानी ने कही ,थी अब इन वादों को लेकर भाजपा से सवाल किए जाएंगे.

