प्रांतीय वॉच

आधी रात 12 साल के मासूम के लिए काल बनकर आई आंधी, दीवार गिरने से बगल के मकान में सो रहे बच्चे की मौत

Share this

भिलाई। गुरुवार की देर रात चले तेज अंधड़ के कारण कैंप-1 प्रगति नगर में एक हादसा हुआ। तीन मंंजिला मकान के सीढ़ी वाले टावर के ऊपर का पैराफिट दीवार के गिरने से बगल के मकान में सो रहे एक 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। पैराफिट दीवार बगल के मकान की सीट को तोड़ते हुए घर के भीतर गिरी। अंदर में पिता-पुत्र एक ही बिस्तर पर सो रहे थे। दीवार की ईंट बच्चे के सिर पर गिरी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं साथ में सो रहे पिता के सिर पर भी चोट लगी है। उसी कमरे में बच्चे की मां भी बिस्तर के बगल में नीचे बिछौना बिछाकर सोई हुई थी। ईंट के टुकड़े से उसके मस्तक पर भी चोट लगी है। छावनी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।

जानकारी के मुताबिक उक्त घटना गुरुवार की देर रात एक से दो बजे के बीच हुई। कैंप-1 प्रगति नगर दुर्गा मंदिर के पास रहने वाला अशोक प्रजापति अपनी पत्नी निर्मला देवी प्रजापति और 12 वर्षीय बेटे प्रियांशु प्रजापति के साथ घर के एक कमरे में सोया हुआ था। उसकी दोनों बेटियां अलग कमरे में सोई थी। उसके घर से लगा हुआ उसके चचेरे भाई विजय प्रजापति का तीन मंजिला मकान है। मकान से सबसे ऊपर सीढ़ी का टावर बना हुआ है। टावर पर सीट लगी हुई है और उसके ऊपर पैराफिट की दीवार बनी है। टावर में दरवाजा नहीं लगा है।

रात में तेज अंधड़ चलने से टावर की सीट उखड़ी गई और उसके ऊपर की पैराफिट की दीवार अशोक प्रजापति के घर के सीट पर आ गिरी। हादसे में अशोक प्रजापति के बेटे प्रियांशु प्रजापति (12) की मौके पर मौत हो गई। मृतक प्रियांशु तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उससे बड़ी उसकी दो बहनें हैं। मृतक प्रियांशु कक्षा सातवीं का छात्र था। जानकारी के मुताबिक अशोक प्रजापति ट्रांसपोर्ट नगर हथखोज की एक दुकान में काम करता है। वहीं उसका चचेरा भाई विजय प्रजापति बीएसकी में काम करता है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *