प्रांतीय वॉच

पार्षद हत्याकांड का सीन रिक्रिएट, सूरज को बातों में उलझा कर पीठ पर घोंपा चाकू, नीचे गिरा तो गले पर वार कर गाड़ी से भागे, दीनू और उत्तम ने मिलकर की पार्षद की हत्या

Share this

भिलाई : भिलाई तीन पुलिस ने मंगलवार को पार्षद सूरज बंछोर के हत्यारोपियों के साथ क्राइम सीन का री क्रिएशन किया। पुलिस आरोपियों को हथखोज के बंधवा तालाब स्थित मंदिर के पास लेकर गई। इसके बाद आरोपियों ने बताया कि उन्होंने हत्या की वारदात को किस तरह अंजाम दिया। आरोपियों ने 15 नवंबर की रात 9.30 महज 5 मिनट के अंदर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम कैसे दिया उसका सीन क्रिएट करके बताया। पुलिस ने इसकी पूरी सुरक्षा व्यवस्था और गुपचुप तरीके से किया।

भिलाई तीन थाना प्रभारी विनय सिंह बघेल पूरी पुलिस फोर्स के साथ कांग्रेस पार्षद सूरज बंछोर के हत्यारोपी दिनेश पाल उर्फ दीनू, उत्तम सोना उर्फ बुड्ढा, दीपक साहू उर्फ भुरू और लोकेश साहू को लेकर घटना स्थल पहुंचे। इस दौरान एएसपी सिटी और अन्य अधिकारी भी वहां मौजूद थे। आरोपियों को वहां ले जाने से पुलिस ने घटना स्थल को सुरक्षा घेरा में तब्दील किया और उसके बाद घटना स्थल पर सीन रिक्रिएट कराया गया। पुलिस आरोपियों को अपने साथ साक्ष्य कलेक्ट करने भी ले गई।

टीआई विनय सिंह बघेल ने बताया कि चारों आरोपियों को घटना स्थल पर ले जाया गया। वहां आरोपियों ने वारदात को कैसे अंजाम दिया उसको फिर से रुपांतरण करके बताया। आरोपी दिनेश पाल उर्फ दीनू ने बताया वह लोकेश को गाड़ी के पास खड़ा कर बुड्ढा व दीपक साथ तालाब पहुंचा। उस समय सूरज चप्पल उतार कर मंदिर के पास रखी लोहे की बेंच पर बैठा था। दीनू ने सूरज को नमस्कार कर उसका हालचाल लिया। इस दौरान जैसे ही दीनू की बातों में सूरज उलझ गया पीछे उत्तम उर्फ बुड्ढा ने सूरज की पीठ पर गुप्ती घोंप दिया। कुर्सी से जैसे सूरज जमीन पर गिरा दीनू ने चाकू से दो वार गले में किया और लोकेश की गाड़ी में बैठकर वहां से भाग निकले।

नहीं मिला सूरज का मोबाइल

टीआई विनय सिंह ने बताया कि मंगलवार को आरोपियों के निशानदेही पर सर्चिंग टीम ने तालाब व उसके आसपास के क्षेत्र कई घंटे सूरज का मोबाइल खोजा, लेकिन वह नहीं मिला। आरोपियों ने सूरज के मोबाइल को तालाब में फेंकना बताया था। सर्चिंग टीम व मछुआरों ने मिलकर 4 घंटे तक तालाब में मोबाइल खोजा, लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर उनके खून से सने कपड़े बरामद कर लिया है।

आरोपियों से पूछताछ जारी

डीएसपी विश्वास चंद्राकर ने बताया कई घंटे खोजने के बाद भी सूरज का मोबाइल नहीं मिला, लेकिन उनकी टीम ने खून से सने आरोपियों के कपड़े जब्त कर लिया है। पुलिस और भी साक्ष्य जुटा रही है। इसके लिए आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज उनसे पूछताछ की जा रही है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *