पुरुषोत्तम कैवर्त/कसडोल : भालू के हमले से ग्राम गिरौद निवासी खोलबाहरा पटेल (65) गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना के बाद वन विभाग द्वारा तत्काल घायल को उपचार के लिए समीप के बैतारी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया। अर्जुनी वन परिक्षेत्र अधिकारी संतोष चौहान ने बताया कि सोमवार सुबह ग्राम गिरौद निवासी खोलबहरा पटेल अपने कुछ साथी ग्रामीणों के साथ महराजी के जंगल में कक्ष क्र 330 में जलाऊ लकड़ी बीनने गए थे। इस बीच खोलबहरा पहाड़ी के नीचे ही लकड़ियां एकत्र कर रहा था तभी एक भालू ने पीछे से हमला कर दिया। भालू के हमले से वृद्ध खोलबहरा ने भी जमकर मुकाबला किया जिससे खोलबहरा की जान बच गई और उसे हाथ, कंधे में ही चोट आई, जिसका उपचार बरपाली में ही किया गया। बहरहाल, वन परिक्षेत्र अधिकारी अर्जुनी के निर्देशानुसार तात्कालिक सहायता राशि 2000 रुपए घायल को दे दी गई है।
जलाऊ लकड़ी बीनने गए वृद्ध पर भालू ने किया हमला, गंभीर रूप से घायल
![](https://dainikchhattisgarhwatch.com/wp-content/uploads/2021/11/bhalu-1.jpg)