नई दिल्ली : पंजाब कांग्रेस में जारी सियासी घमासान के बीच नवजोत सिंह सिद्धू के सलाहकार मलविंदर सिंह माली ने इस्तीफा दे दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद सिद्धू ने मलविंदर सिंह माली को अपनी सलाहकार टीम में शामिल किया था, लेकिन माली ने एक के बाद एक विवादित बयान दिए, जिससे सियासी भूचाल आ गया। मलविंदर सिंह माली ने कश्मीर को भारत से अलग बताया था और उनके इस बयान की कांग्रेस नेताओं ने आलोचना की थी। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा था कि सिद्धू के सलाहकारों को उन विषयों नहीं बोलना चाहिए, जिनको लेकर वे अधिकृत नहीं हैं। हालांकि इस बवाल के बाद भी माली ने अपने बयान वापस लेने से इन्कार कर दिया था। पूरा विवाद दिल्ली पहुंचा तो पार्टी आलाकमान ने पूरे मामले में कैप्टन अमरिंदर सिंह का साथ दिया। तभी तय हो गया था कि सिद्धू की सलाहकार टीम में विवादित बयानबाजी करने वालों की छुट्टी हो सकती है।
नवजोत सिंह सिद्धू के सलाहकार मलविंदर सिंह ने इस्तीफा दिया, उनके बयानों से मचा था बवाल
