नरेश राखेचा/धमतरी: पिछले कुछ महीनों से बढ़ रही महंगाई ने आम जनता की चिंताएं बढ़ाई हुई है। क्योंकि कोरोना काल में रोजगार और व्यापार पर काफी प्रभाव पड़ा, ऊपर से अब महंगाई जनता को खून के आंसू रुला रही है। बढ़ती हुई महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस पहले दिन से ही सरकार पर लगातार हमलावर है। पिछले कुछ महीने में कांग्रेस केंद्र सरकार के खिलाफ कई प्रदर्शन कर चुकी है। कांग्रेस ने बढ़ती मंहगाई के खिलाफ साइकिल यात्रा निकाली। कांग्रेस की साइकिल यात्रा जिला अध्यक्ष कांग्रेस कार्यालय रायपुर रोड बठेना चौक से प्रारंभ होकर राष्ट्रीय राजमार्ग, मकई चौक, सदर बाजार होते हुए बिलाई माता मंदिर गौशाला मैदान पर समाप्त हुई। यह साइकिल यात्रा छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी के द्वारा निकाली गई थी जिसमें जिले भर के सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता सायकल यात्रा में शामिल हुए व केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध प्रकट किया और जमकर नारेबाजी की जिला अध्यक्ष शरद लोहाना ने संबोधित करते हुए कहा की कि महंगाई ने देश के लोगों की कमर तोड़ दी है। भाजपा शासन में पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस के दामों में ऐतिहासिक बढ़ोतरी हुई है। बावजूद इसके देश के प्रधानमंत्री अच्छे दिनों की बात कर देश के लोगों को धोखा दे रहे है। महंगाई से आम लोगों का जीना मुहाल हो गया है। सब्जी, आटा, तेल सहित अन्य जरूरी वस्तुएं लोगों की पहुंच से दूर होते जा रही है। यह पहला मौका है जब पेट्रोल सौ के पार पहुंच गया है। बावजूद इसके भाजपा सरकार महंगाई पर लगाम लगाने में पूरी तरह विफल हो चुकी है। कहा देश में अमीरों का खजाना भरता जा रहा है। लेकिन देश के मुखिया को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। मोदी ने अच्छे दिनों की बात कर चुनाव लड़ा और जीता। लेकिन उन्हें यह गंभीरता से समझना चाहिए कि क्या आम लोगों के अच्छे दिन आए। भाजपा सरकार देश की जनता को धोखा दे रही। अब देश की जनता उसे इसका करारा जवाब देगी, पूर्व विधायक गुरमुख सिंह होरा ने कहा कि पेट्रोलियम उत्पादों के रेट बढ़ने का प्रभाव हर वर्ग पर पड़ रहा है। इसकी वजह से महंगाई दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। देश के किसान त्रस्त है कृषि कार्य करना मुश्किल हो गया है खाद बीज सहित सभी के मूल्यों में बेहताशा वृद्धि हुई है। पहले नोटबंदी, फिर जीएसटी और एक साल से कोरोना के प्रभाव की वजह से जनता पहले से त्रस्त है। अब सरकार की अनदेखी के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महापौर देवांगन ने भारतीय स्टेट बैंक के आर्थिक शाखा के एक रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि पेट्रोल डीजल पर खर्च ज्यादा होने के कारण लोगों को किराना, स्वास्थ सेवाओ सहित काम की अन्य जरूरतों में कटौती करनी पड़ रही है, इस बढ़ती महंगाई के कारण लोगों का खर्च करने का तरीका ही बदल गया है लोग आर्थिक बोझ के तले दब गए है। पूर्व जिला अध्यक्ष मोहन लालवानी ने कहा की भाजपा ने देश की जनता को अच्छे दिनों के सपने दिखाए थे, क्या यही अच्छे दिन है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस के दाम रिकॉर्ड स्तर पर है इतना ही नही खाद्य तेल, वनस्पति घी के साथ-साथ खाद्य पदार्थों के दाम आज रिकार्ड स्तर पर पहुंच गए है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष नीशू चन्द्राकर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल का भाव काफी कम हो गए है। इसके बावजूद देश में पेट्रों उत्पादों के रेट आसमान को छू रहे है। इन रेटों में रिकार्ड तोड़ वृद्धि हुई है। आभार एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राजा देवांगन के द्वारा किया गया इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शरद लोहाना, पूर्व विधायक गुरमुख सिंह होरा, महापौर विजय देवांगन, पूर्व जिला अध्यक्ष मोहन लालवानी, पूर्व विधायक लेखराम साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष नीशू चंद्राकर, लक्ष्मीकांता साहू, आलोक जाधव, घनश्याम साहू, ईश्वर देवांगन, आकाश गोलछा, सूर्यप्रभा चैटयार, राजा देवांगन, अरविंद दोषी, तपन चन्द्राकर, अरुण चौधरी, हरमिंदर छाबड़ा, करन चन्द्राकर, राजेश चन्द्राकर, नरसिंग साहू, युवराज शर्मा, अंबर चंद्राकर नरेश जसूजा, योगेश लाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।
कांग्रेस ने बढ़ती मंहगाई के खिलाफ निकाली साइकिल यात्रा

