प्रांतीय वॉच

बारातियों से भरी पिकअप पलटने से 2 की मौत, 15 से ज्यादा लोग घायल, शादी के बाद लौटते हुए देर रात हुआ हादसा

जशपुर : देर रात बारातियों से भरी पिकअप पलटने से दो लोगों की मौत हो गई। जबकि 15 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि कई घायलों की स्थिति गंभीर है। उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। हादसे के दौरान पिकअप में 25 से ज्यादा लोग सवार थे। हादसा सन्ना थाना क्षेत्र में हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम खाखरा से बारात पास के ही एक अन्य गांव फुलझर गई थी। वहां से शादी कराने के बाद सभी पिकअप में सवार होकर गुरुवार रात करीब 9 बजे लौट रहे थे। इसी दौरान फुलझर गांव से थोड़ा आगे पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो लोग पिकअप के नीचे ही दब गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पिकअप के नीचे दबे लोगों को निकाला गया, पर तब तब उनकी मौत हो चुकी थी।

घायलों को सन्ना प्राथमिक केंद्र में भर्ती कराया गया
पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से घायलों को सन्ना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से कुछ लोगों को हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया। घायलों की स्थिति देखते हुए मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि बच्चों को ज्यादा चोटें नहीं आई है। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम छाया हुआ है। इससे पहले भी जिले में पिकअप से बारात ले जाने के दौरान कई बार हादसा हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *