प्रांतीय वॉच

बलरामपुर : प्राकृतिक आपदा से बचाव एवं राहत व्यवस्था हेतु कलेक्टर ने दिये आवश्यक निर्देश

Share this

आफताब आलम/बलरामपुर : आगामी मानसून 2021 में प्राकृतिक आपदा से बचाव एवं राहत के संबंध में कलेक्टर श्री श्याम धावड़े ने अधिकारियों को अवश्यक दिशा-निर्देश दिये हैं। कलेक्टर ने बताया कि आगामी मानसून में प्राकृतिक आपदा से बचाव एवं राहत व्यवस्था करने के लिए राज्य/जिला/तहसील स्तर पर सेल तथा बाढ़ समिति का गठन किया गया है। संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में प्राकृतिक आपदा से बचाव एवं राहत के संबंध में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्री श्याम धावड़े ने सर्व तहसीलदारों को निर्देशित किया कि जिला/तहसील स्तर पर स्थापित वर्षामापक यंत्रों का उचित रख-रखाव एवं जानकारी संकलित करने हेतु अधिकारियों/कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किया जाये। साथ ही जिला/तहसील स्तर पर स्थापित नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नम्बर तथा कन्ट्रोल रूम की जानकारी आम नागरिकों को उपलब्ध कराते हुए अपने कार्यालय के सूचना पटल पर प्रदर्शित करने हेतु निर्देश दिये हैं। इसी प्रकार खाद्य अधिकारी को पहुंचविहीन क्षेत्रों में जहां बाढ़ की स्थिति में पहुंच पाना संभव नहीं होगा, वहां पर पर्याप्त मात्रा में खाद्यान्न सामग्री भंडारित करने को कहा। कलेक्टर ने कार्यपालन अभियंता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी सेवा को पेयजल की शुद्धता एवं स्वच्छता को दृष्टिगत रखते हुए कुआं, हैण्डपम्प आदि में ब्लीचिंग पावडर आदि का व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने बाढ़ से बचाव संबंधी जो भी उपकरण जिले में उपलब्ध हैं उनकी दुरूस्ती आदि कराकर उपयोग हेतु तैयार रखने के निर्देश नगर सेना के अधिकारी को दिये। उन्होंने बताया कि नगरीय क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति प्रायः नालियों के अवरूद्ध हो जाने के कारण होती है अतः स्थानीय प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित कर लिया जावे कि संबंधित नगर पालिका अधिकारी नगर के तमाम नालियों की सफाई कराते रहें। कलेक्टर ने कार्यपालन अभियंता जल संसाधन विभाग को निर्देशित किया कि जलाशय से जल छोड़ने पर विशेष ध्यान रखा जाये। जलाशयों में नियमित रूप से निकासी के प्रयास किये जाये ताकि बाढ़ की स्थिति को रोका जा सके तथा बांधों का जलस्तर बढ़ने पर निचले जिलों एवं सीमावर्ती राज्यों को 12 घण्टे पूर्व सूचना दी जाये। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिये कि बाढ़ की स्थिति में कोविड-19 महामारी में अतिरिक्त सावधानियां बरतने तथा जिन क्षेत्रों में बाढ़ के मामले संभावित हों वहां सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही भारत संचार निगम लिमिटेड अधिकारी को संचार दुरूस्त रखने व वनमण्डलाधिकारी को जिले के सभी विभागीय डीपो/गोदाम में प्रर्याप्त मात्रा में बांस-बल्ली की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। जिससे आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के माध्यम से बचाव दल को उपलब्ध कराया जा सके। इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती तुलिका प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री एस.एस. पैंकरा, डिप्टी कलेक्टर प्रवेश पैंकरा, सर्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, सर्व विभाग प्रमुख सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *