- जनता मास्क नहीं लगाएगी तो होगी ताबड़तोड़ कारवाही : एसडीएम यू .के.बंदे
अक्कू रिजवी/कांकेर : कांकेर शहर में विगत 19 अप्रैल से लॉक डाउन चल रहा है किंतु कुछ लोग कोविड-19 गाइड लाइन का पालन ठीक से नहीं कर रहे थे और कुछ छोटे-मोटे व्यापारी लॉक डाउन का नाजायज फायदा उठाते हुए कहीं भी सड़क में दुकान लगाकर महंगे दामों में वस्तुएं बेच रहे थे। साथ ही मास्क नहीं लगाना, बेमतलब की भीड़ इकट्ठी करके रखना, इस प्रकार भी कानून का उल्लंघन कर रहे थे । जब इस तरह की शिकायतें बहुत ज्यादा हो गई तो आज सुबह-सुबह अचानक कांकेर जिले के एसडीएम उमाशंकर बंदे अपनी स्कूटी से शहर के दौरे पर निकले और बिना मतलब घूमने वालों तथा बिना मास्क वालों को चेतावनी देते हुए कई लोगों से जुर्माना भी वसूल किया। साथ ही जहां-जहां भीड़ की शिकायत सुनाई दी, वहां भी एसडीएम स्वयं पहुंचे और भीड़ लगाने वालों को जमकर डांट फटकार लगाई। वे आज जिधर भी जाते थे,, भीड़ लगाने वालों में हड़कंप मच जाता था, विशेषकर सब्जी बेचने वाले, जिन्हें घर घर जाने की छूट दी गई है लेकिन वे एक ही जगह आराम से बैठ जाते हैं ,उन्हें भी एसडीएम साहब ने चेताया और भीड़ लगाने के लिए फटकार लगाई। देखते ही देखते नया बस स्टैंड तथा गिल्ली चौक आदि जगहें वीरान हो गईँ। एसडीएम साहब ने अनेक सब्जी वालों को चेतावनी देकर जाने दिया किंतु मास्क नहीं लगाने वाले तथा भीड़ में घिरे रहने वाले दुकानदारों पर जुर्माना भी लगाया है। एसडीएम साहब ने अपनी स्कूटी से शहर के सभी प्रमुख स्थानों के दौरे करते हुए लॉकडाउन का कड़ाई से पालन करने हेतु छोटे व्यापारियों तथा सरकारी स्टाॅफ को भी अनेक निर्देश दिए। उनके इस अचानक दौरे से लॉकडाउन के नियम तोड़ने वालों के हौसले पस्त हो गए और आशा हो गई कि अब घरों में सामानों की वास्तविक होम डिलीवरी हो सकेगी। साथ ही सड़कों पर आवारागर्दी तथा भीड़ कम हो जाएगी,,,।

