सन्नी खान/ बालोद : कलेक्टर जनमेजय महोबे कल डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम बोईरडीह और ग्राम जेवरतला तथा बालोद विकासखण्ड के ग्राम अरौद के गौठान का निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने आज बालोद विकासखण्ड के ग्राम चरोटा के आदर्श गौठान का भी निरीक्षण कर जायजा लिया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री लोकेश कुमार चन्द्राकर इस अवसर पर मौजूद थे। उन्होंने गौठान परिसर में चल रहे आजीविका संवर्धन संबंधी विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया। कलेक्टर ने स्वसहायता समूहों की सदस्यों से चर्चा कर उत्पादित किए गए सामग्रियों की जानकारी ली। उन्होंने ग्राम अरौद के गौठान में पशु शेड निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए तथा कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा कराए जा रहे कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्राम चरोटा के गौठान में कड़कनाथ मुर्गीपालन और डेयरी व्यवसाय हेतु किए जा रहे पशुपालन कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने वहॉ वर्मी कम्पोस्ट निर्माण की जानकारी ली। कलेक्टर ने डबरी निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे।
कलेक्टर ने डौण्डीलोहारा और बालोद विकासखण्ड के विभिन्न ग्रामों के गौठानों का किया निरीक्षण
