प्रकाश नाग/ केशकाल : केशकाल नगर पंचायत अंतर्गत समता कॉलोनी में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक घटना हुई है, जहां बिल्डिंग निर्माण का कार्य कर रहा युवक बिल्डिंग से उतरते वक्त अचानक 33 हजार हाई एक्सटेंशन तार की चपेट में आ गया। जिसकी वजह से युवक के शरीर का 50 प्रतिशत भाग करंट से झुलस गया है, फिलहाल स्थानीय लोगों द्वारा घायल युवक को तत्काल उपचार हेतु केशकाल अस्पताल लाया गया है। जहां डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार केशकाल नगर पंचायत अंतर्गत समता कॉलोनी में एक भवन का निर्माण कार्य चल रहा था, जिसमें 5-6 मजदूर कार्य कर रहे थे। काम खत्म होने के बाद सभी मजदूर बिल्डिंग की छत से नीचे उतर रहे थे तभी अंतिम में नीचे उतर रहा युवक संदीप शोरी उम्र लगभग 20 वर्ष का सिर ऊपर लगे हाई एक्सटेंशन तार के करंट की चपेट में आ गया जिसकी वजह से युवक भवन से नीचे गिर गया।
करंट की आवाज सुनते ही तत्काल आसपास के लोग बाहर निकले जिसके बाद स्थानीय लोगों द्वारा निजी वाहन की मदद से घायल युवक को उपचार हेतु केशकाल अस्पताल लाया गया है। केशकाल अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि घायल युवक का लगभग 50 प्रतिशत भाग करंट से झुलस गया है। जिसे हमारे द्वारा प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है, यदि आवश्यकता पड़ी तो घायल युवक को उचित उपचार हेतु रेफर भी किया जा सकता है।