प्रांतीय वॉच

कोंटा में जनप्रतिनिधियों ने किया फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ, शासन के दो वर्ष रहे कल्याणकारी

Share this
बालकृष्ण मिश्रा/ सुकमा : नवा छत्तीसगढ़ के गौरवशाली दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर कोंटा में  एक दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। सुकमा जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री बोड्डु राजा ने फीता काटकर इस आयोजन का शुभारम्भ किया। इसके साथ ही उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।  इस अवसर पर कोंटा जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री सुन्नम नागेश, पूर्व जनपद अध्यक्ष श्री सोयम भीमा, पूर्व सरपंच ढोंढरा श्री मड़कम कृष्णा एवं एल्डरमैन श्री शेख मुनीर उपस्थित थे। शासन के दो वर्ष हितकारी योजनाओं उपलब्धियों से संबंधित छायाचित्रों की प्रदर्शनी को आमजन ने खूब पसंद किया। साप्ताहिक बाजार के दिन कोंटा बस स्टैंड में आयोजित प्रदर्शनी स्थल पर स्थानीय लोगों के अलावा भी आस पास के क्षेत्रों से लोग आए। तेलंगाना, आंध्रपदेश और ओडिशा से लगे होने के कारण अन्य राज्यों के लोगों ने भी छत्तीसगढ़ शासन के स्वाभिमान से भरपूर दो वर्षों की जानकारी ली और छत्तीसगढ़ में हो रहे विकास कार्यों की प्रशंसा की।
आसपास से यहां पहुंचे लोगों ने प्रदर्शनी की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे शासन की कल्याणकारी योजनाओं को करीब से जानने का अवसर मिला। इसके साथ ही जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित  प्रचार सामग्री का सेट भी भेंट किया गया। उल्लेखनीय है कि जनसंपर्क विभाग द्वारा सुकमा जिला में नवा छत्तीसगढ़ के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री बोड्डू राजा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री बघेल के सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास और निर्माण कार्यो पर आधारित फोटो प्रदर्शनी राज्य सरकार की एक अच्छी पहल है। उन्होने कहा कि फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से आम लोगों को शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों की जानकारी मिलेगी। उन्होने जनसंपर्क विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं पर आधारित पुस्तकों जैसे संबल, उन्नति का हर्ष, विरासत और विस्तार, हमारे बाबू, हमारे राम आदि के प्रकाशन पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इन पुस्तकों से आम लोगों की रुचि शासन की योजनाओं में और बढ़ेगी इसके साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए उपयोगी और सार्थक साबित होगी। प्रदर्शनी का अवलोकन करने वाले लोगों, जनप्रतिनिधियों और मीडिया के प्रतिनिधियों को पुस्तकों का वितरण किया गया। इस अवसर पर सहायक जनसंपर्क अधिकारी श्री अर्जुन पांडे सहित, सूचना सहायक श्री चंद्र किशोर, सहायक ग्रेड-2 श्री अरविंद बघेल उपस्थित थे। आगामी दिनों में सुकमा नगर पालिका के साथ ही छिंदगढ़ विकासखंड में छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।
Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *