- लॉकडाउन के दौरान किराना दुकानें भी बंद रहेंगी
रायपुर : शहर में 21 सितंबर की रात 9 बजे से 7 दिनों का लॉकडाउन लागू किया जा रहा है। शनिवार को दोपहर बाद गाइडलाइन जारी होने के बाद बाजारों में भीड़ देखने को मिल रही है। यहां मालवीय रोड, गोल बाजार, बंजारी रोड, सदर बाजार, पुरानी बस्ती, टिकरापारा और मौदहापारा जैसे इलाकों में ज्यादातर लोग किराना दुकानों की तरफ जाते दिखे। कलेक्टर एस भारतीदासन ने शनिवार को बैठक के बाद साफ कहा है कि लोग 7 दिनों के लिए घर में जरूरी चीजें खरीदकर रख लें। इस अपील के बाद बाजार में ज्यादा भीड़ है। नगर निगम के अपर आयुक्त पुलक भट्टाचार्य ने जानकारी देते हुए बताया कि हर जोन स्तर पर निगरानी दल गठित कर हम आज से जांच और कार्रवाई शुरू कर रहे हैं। जहां भी कालाबाजारी या तय कीमतों से ज्यादा दाम लेने की जानकारी मिलेगी, कार्रवाई की जाएगी। लोग मोबाइल नंबर 7000078488 पर वॉट्सऐप के जरिए अपनी शिकायतें भेज सकते हैं। नगर निगम की टीम ने इससे पहले भी रायपुर की दर्जनों दुकानों को स्टॉक जमा करने और रेट ज्यादा लेने के मामले में सील कर दिया था।

