रायपुरः छत्तीसगढ़ के एक रियल एस्टेट कारोबारी ने तेलीबांधा तालाब में कुदकर अपनी जान दे दी। खुदकुशी करने वाले कारोबारी की पहचान अनुपम केडिया के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को तालाब से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि रियल एस्टेट कारोबारी अनुपम केडिया मंगलवार देर शाम इवनिंग वॉक पर निकले थे। वे अपने ड्राइवर के साथ कार में बैठकर तेलीबांधा तालाब पहुंचे। इसके बाद पाथवे पर टहलने लगे। इसी दौरान अनुपम अचानक तालाब में कूद गए और देखते ही देखते डूब गए।
वहां पास में ही खड़े ड्राइवर ने लोंगों को मदद के लिए आवाज लगाई लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। करीब चार घंटे बाद उनके शव को तालाब से निकाला जा सका।
पुलिस ने बताया कि आत्महत्या की वजह का फिलहाल पता नहीं चल सका है। शुरुआती तौर पर पैसों के लेनदेन या पारिवारिक कारणों के चलते ऐसा हो सकता है। आत्महत्या की सही वजह जानने के लिए पुलिस परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ करेगी।

