डेस्क । चंडीगढ़ प्रशासन ने कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए उन्हें महंगाई का तोहफा दिया है। पंजाब सिविल सर्विसेज रूल्स के तहत छठे वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करते हुए बकाया एरियर भी जारी करने के आदेश दिए हैं। चंडीगढ़ प्रशासन के फाइनेंस डिपार्टमेंट में यह आदेश जारी कर सभी सेक्रेटरी हेड ऑफ डिपार्टमेंट को आदेश की कॉपी भेजी है। साथ ही सभी डिपार्टमेंट के एचओडी को यह एरियर एंप्लाई को देने के लिए कहा है। कर्मचारियों को यह एरियर एक जनवरी 2016 के 30 सितंबर 2021 तक मिलेगा जिन कर्मचारियों को यह एरियर मिलेगा उनमें चंडीगढ़ प्रशासन के 23000 कर्मचारियों के साथ पंजाब से डेपुटेशन पर चंडीगढ़ में कार्यरत कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
हालांकि अभी चंडीगढ़ में सेंट्रल सर्विसेज रूल्स लागू हो चुके हैं इससे पहले चंडीगढ़ में पंजाब सिविल सर्विसेज रूल्स लागू थे पंजाब के छठे वेतन आयोग देने के बाद चंडीगढ़ प्रशासन ने भी अपने कर्मचारियों को पंजाब की नोटिफिकेशन के बाद इस छठे वेतन आयोग का लाभ दिया था, लेकिन 2016 से 2021 तक कर्मचारियों का एरियर मिलना बाकी था।
बढ़ती महंगाई के बीच आठ लाख रुपये तक का एरियर मिलेगा
इस नोटिफिकेशन के तहत इंप्लाइज को पहली जनवरी 2016 से सितंबर 2021 तक एरियर मिलेगा। कर्मचारी बेसब्री से इस एरियर के जारी होने का इंतजार कर रहे थे। प्रशासन के इस फैसले का सीधा फायदा चंडीगढ़ के करीब 23 हजार इंप्लाइज को होगा। इसके अलावा चंडीगढ़ में पंजाब के डेपुटेशन पर कार्यरत कर्मचारियों और अधिकारियों को भी इसका लाभ मिलेगा। बताया जा रहा है कि कर्मचारियों को एरियर तीन से आठ लाख रुपये के बीच मिलेगा। ज्वाइंट एक्शन कमेटी आफ चंडीगढ़ एडमिनिस्ट्रेशन एंड एमसी इंप्लाइज एंड वर्कर्स के कंवीनर अश्विनी कुमार और चेयरमैन सुरमुख सिंह ने चंडीगढ़ प्रशासक बनवारी लाल परोहित और एडवाइजर धर्म पाल का एरियर की नोटिफिकेशन जारी करने पर आभार व्यक्त किया।