पॉलिटिकल वॉच

BJP की कथित अवैध वसूली के खिलाफ आप ने किया प्रदर्शन, पढ़ें 

Share this

डेस्क। आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए बुधवार को यहां भाजपा कार्यालय पर विरोध-प्रदर्शन किया।

 

आप के वरिष्ठ नेता एवं प्रभारी दुर्गेश पाठक ने कहा, “ पूरी दिल्ली से हमें शिकायतें आ रही हैं कि भाजपा के नेता दिल्ली के सभी घरों में कमी निकाल रहे हैं। किसी से कह रहे हैं कि आपके घर में यह समस्या है, छज्जा गलत बनवाया है, नाली खुली हुई है। यदि आपको अपना घर नहीं तुड़वाना है तो हमें इतना पैसा दो, अन्यथा आपके घर पर बुलडोजर चलवा देंगे। 15 सालों से निगम में भाजपा है। पहले खुद इन्होंने अवैध निर्माण होने दिए। हार के डर से चुनाव टाल दिए। अब इन्हें पता है कि चुनाव में छह महीने-सालभर का समय बाकी है तो कैसे भी करके अपनी जेब भरनी है।”

 

पाठक के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के निगम में तीनों नेता प्रतिपक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

 

उत्तरी दिल्ली नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष विकास गोयल ने कहा कि भाजपा पूरी तरह से भारतीय गुंडा पार्टी बन चुकी है। भाजपा के सभी नेता, चाहे वह प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता हों, उनके पार्षद हों, स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन हों, उनके जोन के चेयरमैन हों, जिस प्रकार से वह लोग दिल्लीवालों को डरा-धमका रहे हैं कि हमें पैसे दो नहीं तो आपका घर तोड़ दिया जाएगा। दुकानों को कन्वर्जन शुल्क, हाउस टैक्स के नोटिस भेजे जा रहे हैं और उसकी आड़ में अवैध उगाही की जा रही है। यह सरासर गुंडागर्दी है इसलिए आम आदमी पार्टी सड़कों पर उतरी है। भाजपा की यह गुंडागर्दी चलने नहीं दी जायेगी।

 

दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष प्रेम चौहान ने कहा कि जिस प्रकार भाजपा ने बुलडोजर की राजनीति शुरू की है, वह बिल्कुल गलत है। पहले खुद अवैध निर्माण करवाए और अब उन्हीं लोगों को बुलडोजर की धमकी देकर फिर से उगाही करने में लगे हुए हैं। यह काम तो तभी करवाना चाहिए था जब अवैध निर्माण हो रहे थे लेकिन तब तो उगाही का लालच था।

 

उन्होंने कहा, “यदि आपको बुलडोजर चलाना ही है तो गरीबों के घरों पर नहीं बल्कि भाजपा के नेताओं के घरों पर चलाना चाहिए जो अवैध निर्माण करवाकर बैठे हैं। आज यदि आप हिंदू-मुस्लिम करके, बुलडोजर की राजनीति करके दिल्ली का माहौल खराब करने की कोशिश करगें तो दिल्ली की जनता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी।

 

पूर्वी दिल्ली नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष मनोज त्यागी ने कहा कि उगाही के लालच में भाजपा ने पूरी दिल्ली में कोहराम मचाकर रखा हुआ है। आम आदमी पार्टी मांग करती है कि अवैध निर्माण होने देने के लिए भाजपा के तमाम नेता सामूहिक रूप से दिल्ली की जनता से माफी मांगे।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *