रायपुर वॉच

खैरागढ़ उप चुनाव में आज से नामांकन, कांग्रेस और भाजपा में अब भी चल रहा प्रत्याशी को लेकर मंथन

Share this
रायपुर।  खैरागढ़ विधानसभा उप चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है। कांग्रेस से पहले 42 नेताओं की दावेदारी थी। संगठन ने पहले उसमें से 19 नामों की छंटनी कर दी। बचे 23 में से अब सात नामों पर मंथन किया जा रहा है। वहीं पर्यवेक्षकों द्वारा की गई रायशुमारी के बाद भाजपा में चार नामों पर ही चर्चा की खबर है। दोनों दल 21 मार्च के बाद नाम घोषित कर सकते हैं।
सत्ताधारी दल कांग्रेस में शुरू से टिकट के दावेदारों की सूची लंबी है। आवेदन देकर 42 नेताओं ने दावा ठोका था। एक दिन पहले रायपुर में हुई बैठक में उनमें से ही 23 नामों पर पहले विचार किया गया। संगठन की रिपोर्ट के आधार पर इन्हीं में से सात नामों को फिलहाल पैनल में रखा गया है। एक-दो ओैर बैठकों के बाद संगठन कोई निर्णय करने की स्थिति में पहुंच सकेगा
इस बीच बुधवार को रायपुर में भाजपा के कोरग्रुप की बैठक हुई। इसमें पहले से चार प्रमुख नामों के अलावा दो अन्य नामों पर भी विचार किया गया। उसके बाद चार नामों को पैनल में रखा गया है। यह सब तीन पर्यवेक्षकों द्वारा जिले के नेताओं व दावेदारों के साथ की गई रायशुमारी के आधार पर तय किया गया। भाजपा में भी 20 मार्च के बाद ही नाम घोषित करने की बात कही जा रही है।
महिला दावेदारों ने फंसाया पेंच
उपचुनाव के लिए कांग्रेस में जिन सात नामों का पैनल तैयार किया गया है, उनमें चार महिलाएं हैं। इनमें दो नये चेहरे भी हैं जिनके नाम पर संगठन गंभीरता से विचार कर रहा है। दूसरी तरफ भाजपा में भी महिला दावेदारों के कारण पैंच फंसता दिख रहा है। भाजपा भी दो नये चेहरों के ही रूप में महिला दावेदारों के नामों पर मंथन कर रही है। जानकार कह रहे है कि दोनों दल एक-दूसरे का इंतजार कर रहे हैं। महिला के विरूद्ध महिला, ओबीसी के विरूद्ध ओबीसी व राजपरिवार के विरूद्ध राजपरिवार से प्रत्याशी वाले फार्मूले पर टिकट दी जा सकती है।
सर्वे के बाद ही नाम तय करेगी कांग्रेस
पैनल में रखे गए सात प्रमुख नामों में से एक पर फैसला करने के पहले कांग्रेस द्वारा क्षेत्र में सर्वे कराने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि इसके लिए प्रदेश संगठन ने गोपनीय तरीके से सर्वे शुरू भी करा दिया है। जिनके पक्ष में अनुकूल रिपोर्ट आएगी, उसके नाम को तय किये जाने की बात कही जा रही है। होली के ठीक बाद सर्वे रिपोर्ट के आधार पर अंतिम मंथन किया जाएगा। हालांकि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक के आधार पर ही प्रत्याशी चयन कर सकती है। जिला भाजपाध्यक्ष मधुसूदन यादव ने बताया कि कोरग्रुप की बैठक में प्रमुख नामों पर चर्चा की गई। इस पर त्योहार के बाद हाईकमान निर्णय करेगा। कांग्रेस अध्यक्ष पदम कोठारी ने बताया कि उन्होंने प्रदेश संगठन को क्षेत्र की भौगोलिक, राजनीतिक, सामाजिक आदि आधारित रिपोर्ट सोंप दी है। अंतिम फैसला वहीं से होगा।
आज से नामांकन, आनलाइन की भी सुविधा
खैरागढ़ विधानसभा उप चुनाव के लिए गुरुवार से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। यह 24 मार्च तक चलेगी। जिला पंचायत भवन से नामांकन फार्म लिया जा सकता है। जमा भी वहीं करना होगा। इसके अलावा फार्म आनलाइन भी अपलोड किया जा सकता है, लेकिन उसकी हार्डकापी जमा करनी ही होगी। तय कार्यक्रम के अनुसार स्कूटनी के बाद 28 मार्च तक नाम वापस लिये जा सकेंगे। प्रशासन ने चुनावी प्रक्रिया के लिए तैयारी पूरी कर ली है। उप चुनाव के लिए 12 अल्रैल को मतदान होगा। मतगणना 16 अप्रैल को होगी।
Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *