नई दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज बदल गया है। कड़ाके की ठण्ड ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। ऐसे में माना जा रहा है कि नववर्ष पर शीतलहर का प्रकोप बढ़ने से लोगों की छुट्टियों का मजा ख़राब हो सकता है। वहीँ मौसम विभाग ने पांच से सात जनवरी के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मध्यम और कुछ जगह तेज बारिश होने का अनुमान जताया है.
मौसम विभाग ने तीन जनवरी तक शीतलहर व कुछ राज्यों में भारी बारिश, पहाड़ों पर बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण चार जनवरी से न्यूनतम तापमान में वृद्धि का अनुमान जताया है, इसके कारण चार से सात जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी वर्षा और बर्फबारी हो सकती है जिससे पर्यटकों की मुश्किलें बढ़ सकती है।

