प्रांतीय वॉच

राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन पक्षकारों के आपसी समझौत के आधार पर 481 प्रकरणों किया गया निराकरण

Share this

अफ़्ताब आलम:  बलरामपुर / राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के दिशा-निर्देशन में 11 दिसम्बर 2021 को जिला एवं सत्र न्यायालय रामानुजगंज, तालुका न्यायालय बलरामपुर, राजपुर एवं वाड्रफनगर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिसमें न्यायालय में लंबित राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरण, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, पारिवारिक विवाद, धारा 138 पराक्रम्य लिखित अधिनियम संबंधी वाद, सिविल वाद, राजस्व प्रकरण, बैंक ऋण, विद्युत, जल के बकाया देयकों का भुगतान संबंधी वाद, दूरभाष किशोर न्याय बोर्ड के राजीनामा योग्य प्रकरण एवं यातायात के सामान्य मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में रखा गया। नेशनल लोक अदालत में प्रकरणों के निराकरण हेतु जिला न्यायालय रामानुजगंज में कुल 06 खण्डपीठ एवं तालुका न्यायालय बलरामपुर, राजपुर एवं वाड्रफनगर में 01-01 खण्डपीठ का गठन किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत में 866 लंबित प्रकरण एवं 2 हजार 668 प्री लिटिगेशन प्रकरण कुल 3 हजार 534 प्रकरण विचरार्थ रखे गये थे। उक्त प्रकरणों में से 173 लंबित प्रकरण एवं 308 प्री लिटिगेशन प्रकरण कुल 481 प्रकरणों का पक्षकारों के आपसी समझौते के आधार पर सफलतापूर्वक निराकरण कर 36 लाख 93 हजार 352 रूपये का अवार्ड पारित किया गया। जिसमें 481 प्रकरणों से संबंधित लगभग 1200 व्यक्ति लाभान्वित हुए।
राष्ट्रीय लोक अदालत में किया गया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री सिराजुद्दीन कुरैशी के निर्देशन में जिला न्यायालय में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य शिविर में डॉक्टरों द्वारा उपस्थित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाई विरतण किया गया। जिला विधिक प्राधिकरण की सचिव श्रीमती रेशमा बैरागी ने भी अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। राष्ट्रीय लोक अदालत में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में लगभग 300 व्यक्ति लाभान्वित हुए।
इस अवसर पर प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश  प्रफुल्ल कुमार सोनवानी, द्वितीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश  मधुसुदन चन्द्राकर, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट  अजय कुमार खाखा, न्यायिक मजिस्ट्रेट  निकसन डेविड लकड़ा, विभागीय अधिकारी सहित आम नागरिक उपस्थित थे।

छत्तीसगढ़ में स्थापित किये विकास और न्याय के नये प्रतिमान

किसान मेरी जान है, मेरे प्राण है और किसानी मेरी धड़कन है-मुख्यमंत्री  बघेल
लोकवाणी की 24 वीं कड़ी का किया गया प्रसारण
बलरामपुर / मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल ने आकाशवाणी से आज प्रसारित रेडियोवार्ता लोकवाणी की 24वीं कड़ी में ‘‘नवा छत्तीसगढ़ और न्याय के तीन वर्ष’’ विषय पर बातचीत की शुरूआत जय जोहार के अभिवादन के साथ की। मुख्यमंत्री  बघेल ने कहा कि इन तीन वर्षों में छत्तीसगढ़ राज्य को अपनी वास्तविक छत्तीसगढ़िया पहचान दिलाते हुए, विकास और न्याय के नए प्रतिमान स्थापित किए गए हैं। बलरामपुर-रामानुजगंज जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने बड़ी उत्सुकता के साथ लोकवाणी का श्रवण किया।
मुख्यमंत्री  बघेल ने कहा कि हमने तीन वर्षों में गरीबों तथा कमजोर तबकों के लिए ऐसे प्रयास किए हैं, जिनके बारे में पहले कभी सोचा नहीं गया था। हाल में ही हमने 6 दिसम्बर को बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर का महापरिनिर्वाण दिवस मनाया। 10 दिसम्बर को अमर शहीद वीर नारायण सिंह जी का बलिदान दिवस था और 18 दिसम्बर को गुरूबाबा घासीदास जी की जयंती है। मैं इन विभूतियों को नमन करते हुए बताना चाहूंगा कि हमारी नीतियों में सभी के आदर्श हैं। विगत तीन वर्षों में हमने कमजोर तबकों को बराबरी के अवसर देकर उनके बताए रास्ते पर चलने में सफल रहे हैं। हमने ऐसी योजनाएं बनाई, जो वास्तव में आदिवासी अंचल हो व मैदानी क्षेत्र सभी का भला कर सके।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में तेंदूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक 2500 से बढ़ाकर 4000 रूपए प्रतिमानक बोरा करना ‘शहीद महेन्द्र कर्मा तेंदूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना’ लागू करने से वन आश्रित परिवारों की जिंदगी में नई रोशनी आई है। तीन साल पहले सिर्फ 7 वनोपज की खरीदी समर्थन मूल्य पर की जा रही थी। लेकिन हमने 52 वनोपजों को समर्थन मूल्य पर खरीदने की व्यवस्था की। इतना ही नहीं, 17 लघु वनोपजों के लिए संग्रहण पारिश्रमिक दर अथवा समर्थन मूल्य में अच्छी बढ़ोतरी भी की गई है। इस तरह लघु वनोपजों के समर्थन मूल्य पर खरीदी करने, प्रसंस्करण करने, इनमें महिला स्व-सहायता समूहों को जोड़ने और आदिवासी समाज के सशक्तीकरण में बड़ी भूमिका निभाने के लिए छत्तीसगढ़ को भारत सरकार ने 25 पुरस्कार प्रदान किए है। इतना ही नहीं बल्कि स्वच्छता के लिए भी तीन साल में छत्तीसगढ़ को लगातार तीन बार राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया है।इस बार छत्तीसगढ़ के सर्वाधिक 67 नगरीय निकायों को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार मिला है और एक बार फिर छत्तीसगढ़ को देश के सबसे स्वच्छ राज्य के रूप में मान्यता मिली है।
मुख्यमंत्री  बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसान भाई उन परिस्थितियों को समझ रहे हैं, जिसमें हमें काम करना पड़ रहा है, और आप लोगों को इस बात का पूरा भरोसा हुआ है कि हम किसानों से संबंधित जो काम कर रहे हैं, उसकी दिशा सही है। मैं यह जरूर कहना चाहूंगा कि किसान मेरी जान है, मेरे प्राण है और किसानी मेरी धड़कन है। जिस दिन मैं किसानी नही करूँगा या किसानी की बेहतरी के लिए नहीं सोचूंगा, समझ लीजिए कि उसी क्षण वह व्यक्ति नहीं रहूंगा, जिसको आप लोग प्यार करते हैं। मैंने बचपन से जवान होते तक खेतों में काम किया है, इसलिए मुझे खेती किसानी की पूरी जानकारी है। हर फसल किसान के लिए एक सीढ़ी होती है। इनपुट कास्ट कम होना और आउटपुट का दाम अच्छा मिलना ही खेती को लाभदायक बना सकता है। इसलिए हमने सबसे पहले किसानों पर जो कर्ज का बोझ था, डिफाल्टरी का कलंक था, बकायादारी की जो बाधा था, उसे कर्ज माफी से ठीक किया। सिंचाई पंप कनेक्शन लगाने का काम सुगम किया, सिंचाई के लिए निःशुल्क या रियायती दर पर बिजली प्रदाय का इंतजाम किया। धान ही नहीं बल्कि सारी खरीफ फसलों, उद्यानिकी फसलों, मिलेट्स यानी लघु धान्य फसलों को राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत इनपुट सब्सिडी के दायरे में लाया। पहले साल जब हमने आपको 2500 रू. प्रति क्विंटल की दर से धान का दाम दिया तो इसमें कुछ लोगों ने रोड़ा अटकाया और हम उस बाधा को चीर कर कैसे बाहर निकले, यह कोई छिपी बात नहीं है। आगे भी ये सब सुविधाएं जारी रहेगी। हमारी सरकार चट्टान की तरह किसानों के साथ खड़ी रहेगी। कोई ताकत हमें अपने रास्ते से डिगा नहीं सकती। हमने तो धान की बंपर फसल का भी स्वागत किया है। इस साल 105 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदी का अनुमान है। हम केन्द्र सरकार से लगातार यह मांग कर रहे हैं कि धान से एथेनॉल बनाने की अनुमति हो। यदि यह मिल गई तो समझिए कि फिर हमें किसी के सामने हाथ भी नहीं फैलाना पड़ेगा। हम ऐसी अर्थव्यवस्था बना देंगे कि किसान को अपनी उपज का मनचाहा दाम मिलेगा।

रन फॉर सीजी प्राईड “दौड स्वाभिमान और गर्व की” कार्यक्रम का आयोजन 17 दिसम्बर को

बलरामपुर / छत्तीसगढ़ सरकार की आगामी 17 दिसम्बर को 03 साल पूरी करने जा रही है, इस अवसर पर पूरे प्रदेश में रन फॉर सीजी प्राईड “दौड स्वाभिमान और गर्व की” कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। इसी क्रम में जिला बलरामपुर-रामानुजगंज में भी जिला स्तर पर रन फॉर सीजी प्राईड दौड़ का आयोजन 17 दिसम्बर प्रातः 07.00 बजे से आयोजन किया जायेगा। दौड़ पुराना रेस्ट हाउस भवन से प्रारंभ होकर शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलरामपुर के प्रांगण में खत्म होगी। दौड़ में प्रथम तीन विजेताओं को पुरूस्कृत भी किया जायेगा। दौड़ में भाग लेने के लिए डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट सीजी मॉडल डॉट इन पर जाकर पंजीयन करा सकते हैं।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *