प्रांतीय वॉच

आधी रात आरक्षक को चकमा देकर थाने से भागा दुष्कर्म का आरोपित

Share this

बिलासपुर। किशोरी को प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म करने के मामले में गिरफ्तार आरोपित युवक शुक्रवार की देर रात आरक्षक को चकमा देकर भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश करती रही। शनिवार दोपहर पुलिस ने उसे चंगोरी के जंगल से पकड़ लिया है। आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट के साथ ही अभिरक्षा से फरार होने का अपराध भी दर्ज किया गया है। सीपत क्षेत्र में रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म की शिकायत की है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि एक साल पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान मटियारी में रहने वाले सूरज सूर्यवंशी (19) से हुई थी। इसके बाद दोनों की मुलाकात भी होने लगी। इसी बीच युवक ने उसे शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया।

आरोपित ने उसे शादी की बात कहकर कई बार संबंध बनाया। बाद में उसने शादी से इन्कार कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने शुक्रवार को जुर्म दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया था। इस बीच रात में उसे अभिरक्षा में रखा गया था। तभी रात करीब 1:15 बजे उसने ड्यटी में तैनात आरक्षक रामकुमार बघेल को बाथरूम जाने की बात कही। इस पर आरक्षक बघेल उसे हथकड़ी पहनाकर बाथरूम ले गया।

वापस आते समय उसने हाथ से हथकड़ी निकाल लिया और चकमा देकर भाग निकला। इस बीच आरक्षक बघेल ने आरोपित के भागने की सूचना प्रधान आरक्षक फूल साय पैकरा को दी। फिर दोनों ने दौड़ाकर उसका पीछा किया। तब तक अंधेरे का फायदा उठाकर वह सीपत बस्ती को ओर भाग निकला था। इस बीच रात में ही थाना प्रभारी को इस घटना की जानकारी दी गई। फिर आरक्षक बघेल की रिपोर्ट पर अभिरक्षा से फरार आरोपित के खिलाफ धारा 224 के तहत अपराध दर्ज किया गया।

पुलिस की टीम रात में ही सीपत, जांजी, मटियारी, झलमला, नरगोड़ा, बिटकुला, मचखंडा सहित सभी संभावित ठिकानों में उसकी पतासाजी की। लेकिन वह नहीं मिला। फिर शनिवार को भी पुलिस की टीम उसकी खोजबीन में जुटी रही। इस बीच दोपहर में उसे चंगोरी के जंगल में भागते पकड़ लिया गया। पुलिस उसे गिरफ्तार कर थाने ले आई है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *